UP Power Crisis: यूपी में महंगी होगी बिजली, 1 जून से बिल पर देना होगा 10% एक्सट्रा शुल्क, जानिए वजह

यूपी वालों को जून महीने में बड़ा झटका लगने वाला है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने राज्य में 10% ईंधन अधिभार (फ्यूल सरचार्ज) लगाने का फैसला किया है, जिसे जून महीने के बिल में जोड़कर वसूला जाएगा। इसका सीधा मतलब यह है कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल 100 रुपये आता है, तो उसे अब 110 रुपये का भुगतान करना होगा।
विद्युत उपभोक्ता परिषद ने किया कड़ा विरोध
विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा का कहना है कि एक तरफ UPPCL पर उपभोक्ताओं का करोड़ों रुपया बकाया है, वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालना पूरी तरह गलत है। परिषद इस फैसले के खिलाफ नियामक आयोग में अपनी आपत्ति दर्ज कराएगी।
बिजली संकट के आरोपों पर ऊर्जा मंत्री का पलटवार
राज्य में हो रही बिजली कटौती को लेकर विपक्ष ने सरकार से कई सवाल किए हैं। इन आरोपों का जवाब देते हुए सूबे के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली का कोई संकट नहीं है। उन्होंने बिजली विभाग की मौजूदा समस्याओं के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) की पूर्ववर्ती सरकार को जिम्मेदार ठहराया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय लगाए गए जर्जर तारों और खंभों की वजह से आज सप्लाई में दिक्कतें आ रही हैं। ऊर्जा मंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान केवल 13,000 मेगावाट बिजली की सप्लाई होती थी और वे सिर्फ मैनपुरी तथा इटावा जैसे चुनिंदा जिलों को ही बिजली देते थे। इसके विपरीत, आज योगी सरकार 32,000 मेगावाट की रिकॉर्ड मांग को सफलतापूर्वक पूरा कर रही है।
मथुरा में 24 घंटे से बिजली ठप, सड़कों पर उतरे लोग
अगर जमीनी स्तर की बात करें तो मथुरा में बीते 24 घंटों से लोग बिजली ठप्प होने के कारण परेशान हैं। इसे लेकर वहां के स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा है। लंबे समय से बिजली बंद होने के कारण लोगों के इनवर्टर भी बंद हो गए हैं।




