पंजाब

जलालाबाद के गुरुद्वारे में लगी आग, श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पावन स्वरूप अग्नि की भेंट चढ़ा

चंडीगढ़। फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र के गांव बारेके स्थित एक गुरुद्वारा साहिब में रविवार तड़के आग लगने से श्री गुरु ग्रंथ साहिब का एक पावन स्वरूप अग्नि की भेंट चढ़ गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के फिरोजपुर इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी पिछले चार-पांच दिनों से श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर गए हुए थे। उनकी अनुपस्थिति में गुरुद्वारे की देखरेख की जिम्मेदारी पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त एसएचओ पंजाब सिंह को सौंपी गई थी। शनिवार रात सुखासन के बाद गुरुद्वारे को नियमित रूप से बंद कर ताला लगा दिया गया था। रविवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने गुरुद्वारे से धुआं निकलता देखा और इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी। ताला खोलकर अंदर देखा गया तो आग लगी हुई थी। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रयास कर आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक श्री गुरु ग्रंथ साहिब का एक पावन स्वरूप पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर जलालाबाद के एसएचओ जुगराज सिंह और डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पंखे की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका सामने आई है, जिससे आग लगी हो सकती है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button