उत्तरप्रदेशदिल्ली

GTB अस्पताल से 7 महीने के मासूम का अपहरण, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली – पूर्वी दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल (Guru Teg Bahadur Hospital) से 7 महीने के एक मासूम बच्चे के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चे की तलाश के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 23 वर्षीय नाजरीन सीलमपुर क्षेत्र की निवासी हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी पहचान एक अज्ञात महिला से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वह महिला नियमित रूप से नाजरीन से मिलने-जुलने लगी। इसी दौरान महिला ने उनका विश्वास जीत लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब एक सप्ताह पहले एक अज्ञात महिला ने नाजरीन को फोन कर उनके बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का प्रस्ताव दिया था। महिला ने इसके लिए 1,000 रुपये लेने की बात कही। इसके बाद आरोपी महिला कई बार नाजरीन के घर भी पहुंची और परिवार के साथ मेलजोल बढ़ाकर उनका विश्वास जीत लिया। पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे आरोपी महिला नाजरीन और उनके 7 महीने के बच्चे को ई-रिक्शा से जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के बहाने ही वह महिला मां और बच्चे को अस्पताल लाई थी। इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चा लापता हो गया।

फॉर्म भरने में उलझाया और फरार हो गई

पुलिस के अनुसार, जीटीबी अस्पताल पहुंचने के बाद आरोपी महिला पीड़ित परिवार को अस्पताल की पहली मंजिल पर ले गई। वहां उसने नाजरीन को एक फॉर्म दिया और कहा कि उसे भरकर दूसरी मंजिल पर जमा करना होगा। इस दौरान महिला ने बच्चे को अपनी गोद में ले लिया। बताया जा रहा है कि जब नाजरीन फॉर्म भरने में व्यस्त थीं, तभी आरोपी महिला मौके का फायदा उठाकर 7 महीने के मासूम बच्चे को लेकर वहां से फरार हो गई। कुछ देर बाद जब पीड़िता ने महिला और बच्चे को आसपास नहीं देखा, तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी महिला पिछले करीब एक सप्ताह से पीड़िता और उसके परिवार के संपर्क में थी। इस दौरान उसने परिवार का विश्वास जीत लिया और फिर सुनियोजित तरीके से बच्चे के अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में अपहरण का केस दर्ज कर लिया है और जांच को तेज कर दिया है। आरोपी महिला की पहचान करने और बच्चे का सुराग जुटाने के लिए GBT परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध महिला की गतिविधियों और उसके संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चे और आरोपी महिला की तलाश के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button