
पंजाब में बारिश के बाद भी गर्मी जारी, आज तेज हवाओं के साथ फिर बारिश के आसार
लुधियाना। पंजाब में बीते दो दिनों से रुक-रुक कर हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो रही है। बुधवार को होशियारपुर, गुरदासपुर, पटियाला, पठानकोट, चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा और फरीदकोट में हल्की बारिश देखने को मिली। हालांकि, इस बारिश के बावजूद गर्मी में कोई खास कमी नहीं आई। कई जिलों में दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रात का तापमान भी 18 डिग्री के करीब बना रहा।
तापमान अब भी सामान्य से ज्यादा
दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटियाला में दिन का तापमान 29 डिग्री और रात का तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 और 6 डिग्री ज्यादा था। इसी तरह, फरीदकोट में दिन का तापमान 29 डिग्री और रात का 15.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से क्रमशः 6.7 और 3.2 डिग्री अधिक था। फाजिल्का में भी गर्मी बनी रही, जहां दिन का तापमान 29.4 डिग्री और रात का 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन का तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री और रात का 2.6 डिग्री ज्यादा था।
लुधियाना और जालंधर में भी गर्मी बरकरार
बठिंडा में दिन का तापमान 28.1 डिग्री और रात का 17.5 डिग्री रहा। यहां रात का तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री अधिक था। वहीं, लुधियाना और जालंधर में दिन का तापमान 28 डिग्री और रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः 5 और 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
आज फिर आ सकती है बारिश, तेज हवाओं का भी अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, वीरवार और शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।s