लिवर को हेल्दी और टॉक्सिन-फ्री रखने के लिए ज़रूर पिएं ये घरेलू डिटॉक्स ड्रिंक्स

हमारे शरीर में लिवर एक ऐसा अंग है जो दिन-रात बिना रुके काम करता है। यह न केवल खून को साफ करता है बल्कि पाचन से लेकर पोषक तत्वों के अवशोषण तक, कई जरूरी काम करता है। लेकिन अगर हम अपनी डाइट और लाइफस्टाइल का ध्यान न रखें, तो लिवर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं, जो बाद में पेट की गड़बड़ी, थकावट, त्वचा की समस्याएं और इम्यून सिस्टम की कमजोरी जैसी दिक्कतों की वजह बन सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि हम समय-समय पर लिवर को डिटॉक्स करें और उसकी हेल्थ का ध्यान रखें। इसके लिए किसी महंगे इलाज की नहीं, बल्कि कुछ घरेलू ड्रिंक्स की जरूरत है, जो ना सिर्फ लिवर को साफ करते हैं बल्कि पूरे शरीर को भी फ्रेश फील कराते हैं।
मेथी दाने का पानी छोटे बीज, बड़ा असर – मेथी दाना लगभग हर किचन में मिल जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका पानी लिवर की सफाई में बेहद मददगार हो सकता है? मेथी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं। अगर आप फैटी लिवर की समस्या से जूझ रहे हैं तो ये ड्रिंक आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए रात में एक गिलास पानी में एक चम्मच मेथी के दाने भिगो दें और सुबह खाली पेट इस पानी को छानकर पी लें। लगातार कुछ हफ्तों तक ऐसा करने से आप खुद फर्क महसूस करेंगे। ये ड्रिंक न सिर्फ लिवर की सेहत सुधारेगा, बल्कि पाचन भी बेहतर करेगा और आपकी स्किन पर भी निखार लाएगा।
नींबू पानी सबसे आसान और असरदार डिटॉक्स – अगर बात डिटॉक्स की हो और नींबू का नाम न आए, तो बात अधूरी रह जाती है। नींबू में भरपूर मात्रा में विटामिन C होता है जो लिवर को साफ रखने और इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करता है। सुबह उठकर एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ लें और चाहें तो थोड़ा सा काला नमक भी मिला सकते हैं। यह ना सिर्फ आपके लिवर को टॉक्सिन्स से साफ करेगा, बल्कि पाचन को भी दुरुस्त रखेगा और पूरे दिन शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रखेगा। अगर आप इसे रोजाना पीते हैं तो कुछ ही दिनों में शरीर हल्का और एनर्जेटिक महसूस करने लगेगा।
आंवला जूस पुराने जमाने की अमृत औषधि – आंवला को आयुर्वेद में एक सुपरफूड माना गया है और इसमें मौजूद विटामिन C, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स लिवर के लिए वरदान जैसे होते हैं। अगर आप अपने लिवर को नेचुरली डिटॉक्स करना चाहते हैं तो आंवला जूस जरूर शामिल करें। सुबह-सुबह खाली पेट 30 एमएल आंवला जूस को एक गिलास पानी में मिलाकर पीने से लिवर की सफाई तो होती ही है, साथ ही यह बालों और त्वचा के लिए भी काफी फायदेमंद होता है।

