हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के सज्जनपुर पीली गांव में एक नर हाथी 440 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से हाथी की मौत हो गई। रविवार देर रात एक जंगली हाथी की मौत से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हाथी के शव को कब्जे में लिया। अब हाथी के पोस्टमार्टम की तैयारी में प्रशासन जुट गया। वहीं आसपास के ग्रामीणों की भीड़ भी हाथी को देखने के लिए मौके पर जुट गई। गौरतलब है कि रोजाना जंगली हाथी आबादी में घुस रहे थे। वन विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व की टीम इन हाथियों को रोक पाने में नाकाम साबित हो रही थी। बीती रात भी इस हाथी को भगाने के लिए टीम गश्त कर रही थी। मगर अचानक ये हाथी हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
श्यामपुर रेंज अधिकारी पंकज ध्यानी ने बताया कि हाथी को करंट लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर टीमें पहुंच गयी थी और हाथी का परीक्षण किया तो तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद हाथी के शव को कब्जे में ले लिया गया। हाथी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। रेंज अधिकारी ने कहा कि घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।
Category: देश-विदेश

हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से हाथी की मौत

सीमा पार से तस्करी रैकेट का पर्दाफाश, छह किलो हेरोइन व गोली सिक्का बरामद
चंडीगढ़। नशा मुक्त राज्य बनाने के अभियान तहत पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) की अमृतसर इकाई ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीआई ने 6 किलो हेरोइन, .30 बोर के 67 जिंदा कारतूस और दो मैगज़ीन सहित तमाम सामान बरामद कर सीमा पार से हेरोइन तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश किया है। इसमें शामिल आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। पंजाब पुलिस महानिदेशक गाैरव यादव ने रविवार काे बताया कि सीआई अमृतसर की टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गुरदासपुर के गांव जाफरपुर का एक व्यक्ति नशा व हथियारों की तस्करी में लिप्त है। उसने हाल ही में जिला बटाला-गुरदासपुर के भारत-पाक सीमा क्षेत्र से ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियारों की एक खेप प्राप्त की है और वह इस खेप को आगे किसी अन्य पार्टी को सौंपने जा रहा है। डीजीपी यादव ने बताया कि इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए डीएसपी सीआई अमृतसर बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गुरदासपुर के गांव जाफरपुर में छापा मारा। पुलिस छापा के दौरान आरोपित अपना बैग छोड़कर फरार होने में कामयाब हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपित के बैग से 6 किलो हेरोइन, .30 बोर के 67 जिंदा कारतूस और दो मैगज़ीन, एक आईफोन सहित छह मोबाइल फोन और एक जियो डोंगल बरामद किया है। डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने फरार आरोपित की पहचान कर ली है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। इस मामले में आगे की जांच जारी है ताकि तस्करी में शामिल अन्य साथियों की पहचान की जा सके। इस संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।

दाे दिन पूर्व डेला नदी से डूबे व्यक्ति का शव बरामद
देहरादून। जिला नैनीताल के मालधन चौड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दाे दिन पूर्व डेला नदी में डूबे व्यक्ति का शव रविवार काे एसडीआरएफ के जवानाें ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, गत 27 सितंबर को शिवानागपुर नई बस्ती मालधन चौड़ निवासी पूरन चंद्र (47) पुत्र बालिराम डेला नदी में डूब गया था। सूचना पर एसडीआरएफ टीम उप निरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में डीप डाइविंग रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ टीम ने संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। एसडीआरएफ टीम लगातार नदी में डूबे युवक की तलाश में जुटी रही। रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने पुनः डेला नदी में सर्चिंग अभियान चलाया। तभी घटनास्थल से पांच किलोमीटर आगे से नदी किनारे व्यक्ति का शव बरामद हाे गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पतालों में की छापेमारी, एक अस्पताल व लैब सील, दो पर लगा जुर्माना
हरिद्वार। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रूड़की के कई अस्पतालों में छापामारी करते हुए कार्यवाही की है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के दौरान निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा रहा। वहीं टीम ने खामियां मिलने पर दो अस्पतालों पर जुर्माना लगाया और एक अस्पताल और लैब को सील किया।
उल्लेखनीय है कि बीती रात गुलाब नगर में महिला की मौत के बाद लोगों ने अस्पतालों की जांच के साथ फर्जी और झोलाछाप डॉक्टरों पर कारवाई की मांग की। इसी मांग को देखते हुए डिप्टी सीएमओ हरिद्वार अनिल वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुलाब नगर स्थित माही अस्पताल में चेकिंग के बाद उसे सील किया। इसके साथ ही डायमंड अस्पताल पर दो लाख रुपये का और मेडविन अस्पताल पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही उसके पास एक लैब को सील किया।
गौशाला तिराहे के समीप स्थित अस्पताल में छापेमारी की गई। इस दौरान खामियों को पूरा करने के लिए कुछ समय दिया गया। अगर कमियां पूरी नहीं हुई तो कारवाई की बात कही गई। डिप्टी सीएमओ अनिल वर्मा ने कहा कि दो अस्पतालों पर जुर्माना लगाया गया है और एक अस्पताल और लैब को सील किया गया है।
हरिद्वार में पुलिस मुठभेड़: दो बदमाश घायल, एक फरार
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक बदमाश फरार हो गया। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मुठभेड़ सुबह सात बजे चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास हुई।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम सिडकुल थाना क्षेत्र की एक प्रमुख फैक्ट्री के बाहर बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर पांच लोगों को घायल कर दिया था, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों की गिरफ्तारी की कोशिश में मुठभेड़ हो गई। घायल बदमाशों की पहचान कुलदीप बिश्नोई (24 वर्ष), निवासी साईं मंदिर, सिडकुल, हरिद्वार और आयुष तोमर (28 वर्ष), निवासी सरसाली, बिनौली, बागपत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आयुष तोमर पर बागपत जिले में कई आपराधिक मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हरिद्वार एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों को गोली लगी है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अभी मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पंजाब में पराली जलाने वालों को भरना होगा जुर्माना
बरनाला। जिला बरनाला में 2,85,000 एकड़ में धान की फसल की पैदावार हुई है, जबकि पिछले वर्ष 2,86,000 एकड़ जगह में धान की पैदावार हुई थी। बरनाला के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले वर्ष 2316 जगहों पर पराली जलाई गई थी। जबकि जिले के 45000 किसानों में से 70% के करीब किसान पराली नहीं जलाते हैं। डीसी पूनमदीप कौर ने कहा कि जिले में 25 हॉटस्पॉट बनाए गए हैं। गांवों पर विशेष ध्यान देते हुए खेतों पर पूरी नजर रखी जाए ताकि आग लगने की कोई घटना ना हो। डीसी बरनाला ने सिविल व पुलिस अधिकारियों को किसानों के साथ तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप पहले से ही बनाए जा रहे हैं, जिसमें किसान, कृषि अधिकारी, नागरिक व पुलिस अधिकारी शामिल होंगे जो संयुक्त रूप से आग की घटनाओं पर नजर रखेंगे। जिला खेतीबाड़ी अफसर बरनाला डॉक्टर जगदीश सिंह ने बताया कि जिले में करीब 7000 किसानों के पास बेलर, सुपर सीडर , हैप्पी सीडर, सरफेस सीडर, जीरो टिल ड्रिल आदि विभिन्न प्रकार की मशीन हैं। जो पराली की संभाल करती हैं। उन्होंने किसान भाइयों से आह्वान किया कि सभी किसान सोसायटी अथवा अन्य मशीन धारकों से यह मशीन किराए पर लेकर पराली की संभाल करें। जिससे पराली की संभाल भी हो जाएगी व जिन लोगों ने यह मशीन खरीदी है, उन्हें रोजगार भी मिलेगा। जिला प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड बरनाला के एक्सियन विक्की बांसल ने बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा पराली जलाने वाले किसान पर दो एकड़ पर 2500 रूपये, पांच एकड़ पर 5000 रूपये व उससे अधिक 15000 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है। एसडीओ विपिन कुमार के अनुसार पिछले वर्ष जिन किसानों ने पराली को आग लगाई थी, उनसे करीब दस लाख रूपये जुर्माना वसूला गया था जो कि खाते में जमा करवाया गया था।
बीकेयू कादियां के जिला प्रधान जगसीर सिंह छीनीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एनजीटी को कहा था कि किसानों को पांच हजार रूपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, जबकि सरकार उनको पांच हजार रुपये मुआवजा नहीं दे रही। किसानों के पास पराली संभालने के लिए कोई मशीनरी नहीं है व दस दिन बाद ही उनको गेंहू की बुआई करनी होती हैं। अगर पराली को खेत की मिट्टी में ही मिलाएंगे तो उस पर खर्चा अधिक होगा, जबकि किसान तो पहले से ही आर्थिक तौर पर बहुत कमजोर हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत एक बार फिर से खराब होने के कारण गुरुवार को उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। दस दिन के भीतर यह दूसरा मौका है, जब भगवंत मान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में आज सुबह भगवंत मान के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। हालांकि, बताया गया है कि वह नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती हुए हैं। उनका स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। कुछ और जरूरी जांच के बाद अस्पताल से छुट्टी होगी। अस्पताल प्रशासन और पंजाब सरकार ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि मुख्यमंत्री को अस्पताल में क्यों भर्ती कराना पड़ा है। मुख्यमंत्री को इमरजेंसी में अस्पताल लाया गया है। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मुख्यमंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
इससे पहले आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के जेल से छूटने के बाद भगवंत मान के बीमार होने की बात सामने आई थी और उन्हें दिल्ली लेकर जाना पड़ा था।
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन अब समस्त पत्राचार हिन्दी में करेगा
नैनीताल। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की गुरुवार को बार सभागार में हिन्दी दिवस पखवाड़े के अंतर्गत विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें तय किया गया कि हाई कोर्ट बार एसोसिएशन समस्त पत्राचार हिन्दी में करेगा। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की गोष्ठी की अध्यक्षता एसोसिएशन वरिष्ठ उपाध्यक्ष रजत मित्तल ने की गई। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि हिन्दी हमारी मातृभाषा है और इसको अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। इसके लिए समस्त कार्यों में हिन्दी भाषा का उपयोग अधिक से अधिक किया जाना अति आवश्यकीय है। गोष्ठी का संचालन महासचिव विरेंद्र सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर महासचिव रावत ने कहा गया कि हिन्दी भाषा को और अधिक लोकप्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन उत्तराखण्ड नैनीताल आज ही से सारे पत्राचार हिन्दी भाषा में करेगा।
गोष्ठी में मधु नेगी सामंत (उपाध्यक्ष), विश्व प्रकाश बहुगणा, भुवनेश जोशी, कुन्दन सिंह, हिमांशु राठौर, ममता आर्या, आयुष गौड़, ध्रुव चन्द्र, प्रेम प्रकाश भट्ट, जीएस संधू (वरिष्ठ अधिवक्ता), सैययद नदीम खुर्शीद, त्रिभुवन सिंह फर्त्याल, जयवर्धन काण्डपाल, संजय भट्ट, योगेश पचोलिया, एडी त्रिपाठी, विपुल पैन्यूली, त्रिलोक चंद, सीमा साह, मीना बिष्ट, ललित शर्मा सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
बदरीनाथ धाम के पास नदी पिता-पुत्र बहे, एक रेश्क्यू, दूसरे की खोजबीन जारी
गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम के गांधी घाट के पास मंगलवार को नहाते हुए नदी में पिता और पुत्र बह गये। जिसमें से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने पिता को बचा लिया है जबकि नदी के तेज बहाव में पुत्र लापता हो गया है जिसकी सर्चिंग की जा रही है।
एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को बदरीनाथ धाम के गांधी घाट पर दो व्यक्तियों की बहने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर पिता को करीब 200 मीटर की दूरी पर जाकर बचा लिया गया जबकि दूसरा व्यक्ति नदी के तेज बहाव में लापता हो गया। जिसकी एसडीआरएफ की टीम की ओर से सर्चिंग की जा रही है।
पूछताछ करने पर जानकारी प्राप्त हुई कि नदी में बहने वाले दोनों व्यक्ति पिता-पुत्र थे जिसमें पिता को रेस्क्यू कर लिया गया जिनका नाम सुरेश चंद्र पुत्र केदारनाथ निवासी मलेशिया और लापता व्यक्ति का नाम डॉ. बलराज सेठी पुत्र सुरेश चंद उम्र 40 वर्ष निवासी मलेशिया जो अपने परिवार के चार अन्य सदस्यों के साथ 14 सितम्बर को भारत आये थे। मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। रेस्क्यू किए गए व्यक्ति सुरेश चंद्र विवेकानंद अस्पताल में उपचाराधीन है।
सीएम भगवंत मान ने 30 और नए मोहल्ला क्लीनिक का किया उद्घाटन
रामपुरा फूल। राज्य में किसी भी समय पंचायती चुनाव की तारीख घोषित हो सकती है। चुनाव आयोग द्वारा विजय दशमी के बाद अक्टूबर के मध्य में पंचायती चुनाव करवाए जाने की संभावना है। इस बार पंचायती चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न पर नहीं होंगे। दलगत राजनीति से उपर उठकर सिर्फ अपने गांव के विकास के लिए वोट डालने का यह सबसे बेहतर अवसर है। उक्त शब्द सोमवार दोपहर गांव चाओके में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहे। मुख्यमंत्री भगवंत मान गांव में खोले गए आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उक्त क्लीनिक सहित आज राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 30 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं।
आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा दिल्ली में खोले गए मोहल्ला क्लीनिकों की सफलता के बाद पंजाब में अब तक 872 आम आदमी क्लीनिक शुरू किए जा चुके हैं, जिनमें लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। आम आदमी पार्टी के गत ढाई वर्ष के शासन काल में बगैर किसी रिश्वत व सिफारिश के 44,786 युवाओं मैरिट के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा शुरू की गई मुफ्त बिजली स्कीम के तहत राज्य के 90 प्रतिशत लोगों का घरेलू बिजली बिल जीरो आ रहा है। इतने बड़े स्तर पर मुफ्त बिजली देने के बावजूद पिछली सरकारों की तरह थर्मल प्लाट बेचने के बजाय आम आदमी की सरकार द्वारा थर्मल प्लांट खरीदे जा रहे हैं।









