शिक्षा विकास का मूल मंत्र है, किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए शिक्षा जरूरी है : विष्णुदेव साय
जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गुरुवार काे बस्तर प्रवास पर पहुंचकर वेदमाता गायत्री महाविद्यालय कंगोली का भूमिपूजन किया। इस दाैरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महाविद्यालय का भूमिपूजन करना मेरा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि सबको मालूम है कि मनुष्य के जीवन में शिक्षा का बड़ा महत्व है। हमारे विद्वानों ने कहा है कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा विकास का मूल मंत्र है। मनुष्य को किसी भी क्षेत्र में विकास करना है तो शिक्षा जरूरी है। आप सब जानते हैं अनपढ़ और शिक्षित वर्ग दोनों के जीवन में जमीन और आसमान का फर्क होता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की स्थापना हो रही है, इसका आप लोगों को लाभ लेना है और इस विद्यालय में पढ़कर आगे बढ़ना है। हम लोग सरकार में हैं, तो सरकार की तरफ से भी शिक्षा घर-घर तक पहुंचे और अच्छी शिक्षा पहुंचे इसका प्रयास छत्तीसगढ़ में कर रहे हैं। आप लोगों को मालूम होगा कि प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू हो गई है। यह नई शिक्षा नीति सिर्फ डिग्री देने के लिए नहीं है बल्कि रोजगार देने के लिए भी है। हम ऐसी शिक्षा देंगे की वह रोजगार से जुड़ पाये। उन्होंने कहा कि पीमश्री योजना के तहत शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए और प्राइवेट स्कूलों की तरह हमारी सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता बढ़ाना है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वनमंत्री केदार कश्यप, खेल मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद कांकेर भोजराज नाग, विधायक जगदलपुर किरणदेव, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, महापौर सफीरा साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना, लच्छुराम कश्यप, सुभाऊ कश्यप के साथ-साथ बस्तर आईजी सुंदरराज पी., सीसीएफ़ आरसी दुग्गा, कलेक्टर हरिस एस., एसपी शलभ कुमार सिन्हा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।