पार्टी के 46 साल पूरे होने पर भाजपा दफ्तर में जुटे कार्यकर्ता, सीएम धामी ने फहराया झंडा

उत्तराखण्ड: भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के मौके पर रविवार को देहरादून स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री धामी ने सबसे पहले पार्टी के संस्थापकों को श्रद्धांजलि दी और पार्टी का झंडा फहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर है, वो हमारे संस्थापकों के त्याग और बलिदान की ही देन है। उन्हीं के दिखाए रास्ते पर चलते हुए आज हमारा संगठन पूरी निष्ठा से जनसेवा और समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने की सोच के साथ लगातार काम कर रहा है। सीएम धामी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने न सिर्फ देश में बल्कि दुनिया में भी सबसे बड़े राजनीतिक संगठन होने का सम्मान पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रक्रियाओं में भरोसा रखती है और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को अपनाते हुए हर व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है।