
दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 15 दिन बाद राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने जा रही है। 20 फरवरी को रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इससे पहले, 19 फरवरी की शाम को भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी, जहां यह तय किया जाएगा कि दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन होगा। चर्चा है कि इस बार भाजपा किसी महिला विधायक को मुख्यमंत्री बनाने पर विचार कर रही है। विधायक दल की बैठक शाम 7 बजे होगी, जिसमें नेता चुना जाएगा, जो अगले दिन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक हो चुकी है, और विधायक दल का नेता चुनने के लिए रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप देकर उसे सीलबंद लिफाफे में रखा गया है। खबर यह भी है कि भाजपा इस बार दिल्ली की कमान किसी महिला नेता को सौंपकर बड़ा राजनीतिक दांव खेल सकती है। फिलहाल भाजपा और एनडीए शासित किसी भी राज्य में कोई महिला मुख्यमंत्री नहीं है, इसलिए यह फैसला चौंकाने वाला हो सकता है।
कौन होगा दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री?
चुनाव नतीजों के बाद से ही मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इनमें प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और महिला विधायक रेखा गुप्ता का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। शपथ ग्रहण से पहले रेखा गुप्ता का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।
रेखा गुप्ता का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे मानी जा रही रेखा गुप्ता ने ऐसा बयान दिया है, जिससे उनके सीएम बनने की अटकलें और तेज हो गई हैं। उन्होंने कहा, “दिल्ली के लोगों की मुराद पूरी हुई है। 27 साल बाद दिल्ली में रामराज्य की स्थापना हुई है। जब शपथ ग्रहण होगा, तब हर दिल्लीवासी खुशी से इसे देखेगा।”