मौसम अलर्ट: 10 राज्यों में लू और गर्म हवाओं का हमला, क्या कुछ हिस्सों में होगी बारिश?

Today Weather Update: अब गर्मी ने सच में तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देश के कई इलाकों में तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है और मौसम विभाग ने साफ कहा है कि आने वाले कुछ दिनों तक करीब 10 राज्यों में लू और चिपचिपी गर्मी से लोग खासे परेशान रह सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि उत्तर भारत, पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा पहुंच सकता है। वहीं कुछ पहाड़ी जगहों पर हल्की बारिश की भी उम्मीद है। फिलहाल उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में गर्मी ने पूरी तरह से असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत और महाराष्ट्र में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाके में तो 7 अप्रैल तक भीषण लू को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई है।
किस-किस राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी और लू का असर दिखेगा?
IMD का कहना है कि कम से कम 10 राज्यों में लू और तापमान में तेज बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। इनमें प्रमुख राज्य हैं:
-
गुजरात: 10 अप्रैल तक हीटवेव, और सौराष्ट्र व कच्छ में 7 अप्रैल तक भीषण लू की चेतावनी।
-
राजस्थान: 7 से 10 अप्रैल के बीच भीषण लू और गर्म हवाओं की आशंका जताई गई है।
-
दिल्ली: 7 और 8 अप्रैल को लू का असर देखने को मिल सकता है। येलो अलर्ट जारी है और अधिकतम तापमान 41°C तक जा सकता है।
-
हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब: 10 अप्रैल तक लू को लेकर चेतावनी दी गई है।
-
उत्तर प्रदेश (पश्चिमी हिस्सा): 7 से 9 अप्रैल तक लू की स्थिति बन सकती है।
-
मध्य प्रदेश: 8 से 10 अप्रैल तक हीटवेव के हालात बन सकते हैं।
-
हिमाचल प्रदेश: 7 अप्रैल को भी कुछ इलाकों में लू पड़ सकती है।
दिल्ली में इस वक्त गर्मी का हाल कैसा है? रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1°C ज्यादा था। रिज एरिया सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 39.3°C तक पहुंच गया। पीतमपुरा में रात का तापमान 23.8°C रहा, जो इस सीजन की सबसे गर्म रात थी। सोमवार से दिल्ली में तीन दिन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम 21°C के आस-पास रह सकता है। दिल्ली की हवा की हालत भी खराब रविवार को AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स 209 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ कैटेगरी में आता है। शनिवार को ये 163 था यानी 24 घंटे में 46 अंक की बढ़ोतरी हुई है। एनसीआर के बाकी शहरों में भी हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ से लेकर ‘खराब’ तक बनी हुई है।
कहां-कहां मिल सकती है गर्मी से थोड़ी राहत?
कुछ राज्यों में गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है, जैसे:
-
केरल और माहे: 7 अप्रैल को बारिश होने की संभावना है।
-
कर्नाटक: 8 अप्रैल तक हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
-
बिहार: 9 अप्रैल को ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
-
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, मुजफ्फराबाद: 9 और 10 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश Weather Update: यूपी बन रहा है गर्मी का हॉटस्पॉट इस बार अप्रैल से जून तक पूरे राज्य में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है। झांसी, चित्रकूट जैसे बुंदेलखंड इलाके में भीषण गर्मी पड़ सकती है। दिन और रात दोनों समय तापमान औसत से ऊपर रहने की चेतावनी दी गई है। हीटवेव होती क्या है? मौसम विभाग के मुताबिक, जब किसी जगह का अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर चला जाए और वो सामान्य से 4.5°C या ज्यादा बढ़ जाए, तो उसे हीटवेव कहा जाता है। अगर यह बढ़त 6.5°C या उससे ज्यादा हो जाए तो उसे भीषण हीटवेव कहा जाता है।
गर्मी से बचने के लिए क्या करें?
-
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।
-
हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
-
खूब पानी पीते रहें और खुद को हाइड्रेट रखें।
-
बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
-
अगर बहुत गर्मी लगे तो छांव में रहें, गीला कपड़ा या पानी का स्प्रे इस्तेमाल करें।