
लुधियाना: फरवरी की शुरुआत से ही पंजाब में दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अब ऐसा लग रहा है जैसे फरवरी में मार्च जैसा मौसम हो गया हो। दिन में तेज धूप से गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं रात में ठंड भी कम हो गई है। पंजाब में ठंड की वापसी हो सकती है गर्मी के इस बढ़ते असर ने किसानों के साथ-साथ मौसम वैज्ञानिकों को भी चिंतित कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान से गेहूं और अन्य फसलों को नुकसान हो सकता है। ऐसे में बारिश की सख्त जरूरत है ताकि यह बढ़ती गर्मी थम सके। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर डॉ. सुरिंदरपाल के अनुसार, 18 फरवरी के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 19 और 20 फरवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इस बदलाव के बाद पंजाब में फिर से ठंड का अहसास हो सकता है।
बदलते मौसम में सेहत का ख्याल रखना जरूरी फरवरी में तापमान बढ़ने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में हमें तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। समाज सेवक रौनक सिंह ने इस दौरान बीपी, शुगर और अस्थमा के मरीजों को खास ध्यान रखने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, बदलते मौसम में अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना बहुत जरूरी है। मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करने की सलाह गर्मी के दौरान थोड़ी सी लापरवाही से हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। इन मरीजों को नींबू पानी, मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करना चाहिए और डॉक्टर की सलाह के मुताबिक ही कोई कदम उठाना चाहिए।
बदलते मौसम से बचाव के उपाय:
- सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनें।
- गुनगुने पानी का सेवन करें।
- धूल और गंदगी से बचें।
- कोहरे में बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें।
- पौष्टिक आहार का सेवन करें।
- मौसमी फलों का सेवन करें।
- रोजाना व्यायाम करें और एक सही दिनचर्या अपनाएं।
- अगर कोई परेशानी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।