मध्यप्रदेश

भोपाल में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, छह रेस्टोरेंट चपेट में; दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

भोपाल। मध्य पदेश की राजधानी भाेपाल के लालघाटी इलाके में रविवार सुबह एक तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। बिल्डिंग में 6 छाेटे-बड़े रेस्टोरेंट संचालित हाेते है, जाे आग की चपेट में आ गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इमारत से उठता काला धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 दमकलें और 3 वाटर टैंकर मौके पर पहुंच गए और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

इमारत के गार्ड ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे बिल्डिंग की खिड़कियों से धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में इसे किचन से उठने वाला सामान्य धुआं समझा गया, लेकिन कुछ देर बाद जब आग की लपटें दिखाई देने लगीं तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलने के कारण पूरी इमारत धुएं से भर गई थी।

किचन से शुरू हुई आग, दो मंजिल तक फैली

फायर कंट्रोल रूम से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बने किचन से हुई थी और फिर दूसरे फ्लोर तक पहुंच गई। पूरी इमारत में धुआं भरने और रास्ता संकरा होने के कारण दमकलकर्मियों को अंदर दाखिल होने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अंदर पहुंचने में आ रही मुश्किलों को देखते हुए दमकलकर्मियों ने हाइड्रोलिक कटर की मदद से इमारत की दीवार तोड़ी और अंदर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट या गैस लीकेज की आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है।

एलपीजी सिलेंडर बने सबसे बड़ा खतरा

घटना के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में रखे चार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सबसे बड़ी चिंता का विषय थे। दमकलकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए सबसे पहले सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते यह कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और नुकसान कई गुना बढ़ सकता था।

बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर भी दुकानें

जिस इमारत में आग लगी, उसके बेसमेंट में बापू की कुटिया रेस्टोरेंट संचालित है, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर डोमिनोज़ का आउटलेट सहित कई अन्य दुकानें मौजूद हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button