मध्यप्रदेश

भोपाल एयरपोर्ट की अनूठी पहल: यात्रियों के स्वागत के लिए सज-धज कर तैयार हुआ एयरोब्रिज कॉरिडोर

भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों का अब रंगों से सराबोर अनोखे अंदाज में स्वागत होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों को स्थानीय संस्कृति और भोपाल की पहचान से जोड़ने के उद्देश्य से कॉमन एयरोब्रिज कॉरिडोर को आकर्षक रंगों की थीम पर विकसित किया है।

यह रंगीन कॉरिडोर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों आगमन क्षेत्रों से दिखाई देगा।

कॉरिडोर की छत को वायलेट, इंडिगो, ब्लू, ग्रीन, येलो, ऑरेंज और रेड रंगों से सजाया गया है। यह डिजाइन भोपाल की सांस्कृतिक विरासत, कलात्मकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बनेगी। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही यात्रियों को रंगों की यह मनमोहक श्रृंखला एक अलग अनुभव प्रदान करेगी।

यात्रियों को मिलेगा यादगार अनुभव

एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि इस थीम का उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को अधिक सुखद, प्रेरणादायक और यादगार बनाना है। रंगों का यह संयोजन न केवल सौंदर्य बढ़ाएगा, बल्कि भोपाल की सांस्कृतिक विविधता और मेहमाननवाजी की झलक भी प्रस्तुत करेगा।

आधुनिकता और संस्कृति का संगम

नई डिजाइन में आधुनिक वास्तुकला के साथ स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों का समावेश किया गया है। कॉरिडोर की रंगीन छत यात्रियों को शहर की आत्मीयता, गर्मजोशी और अतिथि सत्कार की भावना से परिचित कराएगी। इससे देश-विदेश से आने वाले यात्रियों पर भोपाल की सकारात्मक छवि उभरकर सामने आएगी।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को ध्यान में रखकर किया सौंदर्यीकरण

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यह नवाचार केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए एयरोब्रिज कॉरिडोर का यह विशेष स्वरूप तैयार किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button