उत्तरप्रदेश

रास्ते पर खत्म हुआ जीवन का सफर : अज्ञात वाहन ने मारी ठोकर, पिता पुत्र की मौत

 चंदौली. सदर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, दुर्गावती थाना क्षेत्र के धनेच्छा गांव निवासी 42 वर्षीय रमेश गुप्ता अपने 10 वर्षीय पुत्र शिवांश गुप्ता के साथ बुधवार शाम बाइक से वाराणसी जा रहे थे. इसी दौरान दोनों दुर्घटना का शिकार हो गए.

चंदौली स्थित यूनियन बैंक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया.

परिजन आनन-फानन में दोनों को वाराणसी लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान पिता रमेश गुप्ता और पुत्र शिवांश गुप्ता ने दम तोड़ दिया. एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इस मामले में सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी पांडय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल पिता-पुत्र की इलाज के दौरान मौत हो गई है. परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button