फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवा रहा था खालिस्तानी आतंकी, STF की जांच में बड़ा खुलासा
15 लाख में पासपोर्ट बनवा रहा था खालिस्तानी आतंकी लजर मसीह, दिल्ली के गैंग से डील का खुलासा
लखनऊ: खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के सदस्य लजर मसीह की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। उसने दिल्ली के एक गैंग से 15 लाख रुपये में पासपोर्ट बनवाने की डील की थी, जिसमें से ढाई लाख रुपये एडवांस भी चुका चुका था।
फर्जी दस्तावेजों से बदला आधार कार्ड का पता
एसटीएफ की जांच में पता चला कि लजर ने गुरदासपुर (पंजाब) के एक मेडिकल अधिकारी की मदद से फर्जी पते का प्रमाणपत्र बनवाया और अपने आधार कार्ड का पता बदलवा लिया। अब उसके आधार कार्ड पर पता बी-55, चंदननगर, गाजियाबाद दर्ज था।
फर्जी आधार कार्ड से खरीदा सिम, पासपोर्ट के लिए किया आवेदन
16 दिसंबर 2024 को लजर ने इस फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर नया सिम कार्ड खरीदा और फिर गाजियाबाद से पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। जनवरी में उसे पासपोर्ट अप्वाइंटमेंट भी मिल गई थी, लेकिन वह तय तारीख पर गाजियाबाद नहीं पहुंच सका।
खालिस्तानी आतंकियों और ISI से कनेक्शन की जांच में जुटी एजेंसियां
प्रदेश में खालिस्तान समर्थक आतंकियों के नेटवर्क की जांच तेज हो गई है। ATS (आतंकवाद निरोधक दस्ता) भी इस मामले की छानबीन में जुटा है। पाकिस्तान की ISI से लजर के संबंध होने की भी जांच हो रही है। एजेंसियों को शक है कि वह पाकिस्तान भी गया था, इस पहलू पर भी गहराई से जांच हो रही है।
साइबर क्राइम में एक्सपर्ट, पाकिस्तान में ट्रेनिंग का शक
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि लजर को साइबर क्राइम और सर्विलांस की अच्छी जानकारी है, जिससे एजेंसियों को शक है कि उसे पाकिस्तान में ट्रेनिंग दी गई थी। अब उसके मोबाइल फोन की जांच कर साथियों और स्थानीय मददगारों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ISI एजेंटों से मदद का शक, कई शहरों में नेटवर्क की तलाश
जांच एजेंसियों को शक है कि लजर को ISI एजेंटों से भी समर्थन मिल रहा था। वह लखनऊ, कानपुर, कौशांबी समेत कई शहरों में किन-किन लोगों के संपर्क में था, इसकी भी पड़ताल चल रही है।
ड्रग्स तस्करी में लिप्त छोटा भाई पंजाब की जेल में बंद
छानबीन में यह भी सामने आया है कि लजर का छोटा भाई भी ड्रग्स तस्करी में शामिल था और फिलहाल पंजाब की एक जेल में बंद है।
महाकुंभ में आतंकी हमले के बाद पुर्तगाल भागने की फिराक में था
लजर BKI के जर्मनी बेस्ड मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी का करीबी बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि वह महाकुंभ के दौरान आतंकी हमला करने के बाद पुर्तगाल भागने की योजना बना रहा था।
गाजियाबाद से पासपोर्ट बनवाने की कोशिश में था, कौशांबी से गिरफ्तार
लजर गाजियाबाद से पासपोर्ट बनवाने की पूरी तैयारी कर चुका था, लेकिन एसटीएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे कौशांबी से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस रिमांड पर लेकर उससे और पूछताछ की जाएगी।