ईशान किशन की धमाकेदार वापसी! पहले ही मैच में जड़ा तूफानी शतक, आलोचकों को दिया करारा जवाब

ईशान किशन का क्रिकेट करियर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। कभी वे टीम इंडिया का अहम हिस्सा थे, लेकिन बीसीसीआई के अनुबंध से बाहर होने और लगातार अनदेखी के कारण उनका करियर अधर में लटक गया था। हालांकि, आईपीएल 2025 में उन्होंने जोरदार वापसी की और दिखा दिया कि असली खिलाड़ी मौके का इंतजार नहीं करता, बल्कि खुद नया मौका बनाता है।आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में ईशान किशन पर जमकर बोली लगी और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने उन्हें 11.25 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। इस मौके को हाथ से न जाने देते हुए ईशान ने अपने पहले ही मुकाबले में शानदार शतक ठोककर आलोचकों को चुप करा दिया।
पहले ही मैच में शतक, SRH को दिलाई शानदार जीत – राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में ईशान किशन ने सिर्फ 47 गेंदों पर 106 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, जिसकी बदौलत SRH ने 286 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।ईशान की इस तूफानी पारी ने SRH को 44 रनों से बड़ी जीत दिलाई और उन्होंने साफ कर दिया कि यह सीजन उनके लिए बेहद खास होने वाला है।”मैं थोड़ा नर्वस था, लेकिन पैट कमिंस और कोच ने मुझे काफी आत्मविश्वास दिया। टीम का माहौल बेहद शांत और सकारात्मक है। मैंने मैदान पर अपनी पारी का भरपूर लुत्फ उठाया!”ईशान किशन की यह वापसी इतनी आसान नहीं थी। नवंबर 2023 में उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए उन्हें टेस्ट टीम में चुना गया, लेकिन निजी कारणों से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया। इससे बीसीसीआई नाराज हो गया और उन्हें अनुबंध से बाहर कर दिया गया।
इतना ही नहीं, बीसीसीआई ने ईशान को घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने रणजी ट्रॉफी में हिस्सा नहीं लिया। इसके चलते राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने बार-बार उनकी अनदेखी की और भारतीय टीम से उनका रास्ता लगभग बंद हो गया था।आईपीएल 2024 में ईशान किशन मुंबई इंडियंस (MI) टीम का हिस्सा थे, लेकिन उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। 14 मैचों में उन्होंने सिर्फ 320 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल था।मुंबई इंडियंस ने मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया और तब लगने लगा कि ईशान का करियर संकट में है। लेकिन आईपीएल 2025 की नीलामी में SRH ने उन पर दांव खेला और 11.25 करोड़ रुपये में उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।इस फैसले ने ईशान को एक नई उम्मीद और नई पहचान दी। उन्होंने अपने पहले ही मैच में शतक ठोककर साबित कर दिया कि बड़े खिलाड़ी कभी हार नहीं मानते! एक समय वे ऋषभ पंत और संजू सैमसन के साथ भारत के टॉप विकेटकीपर-बल्लेबाजों में से एक थे, लेकिन टीम से बाहर होने के बाद वे काफी पीछे छूट गए।अब आईपीएल 2025 में उनकी शानदार शुरुआत ने चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खींचा होगा। अगर वे इसी फॉर्म को जारी रखते हैं, तो जल्द ही भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं।

