खेल

IPL 2026: सूर्यवंशी कितने छक्के मारेंगे, कोहली का कितना होगा स्ट्राइक रेट? पूर्व RCB खिलाड़ी ने कर दी भविष्यवाणी

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा।

टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर और IPL में RCB तथा चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके अभिनव मुकुंद की एक बड़ी भविष्यवाणी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उन्होंने IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी और विराट कोहली के प्रदर्शन को लेकर दिलचस्प अनुमान लगाया है।

IPL 2026 में सबसे ज्यादा छक्के मारेंगे वैभव सूर्यवंशी?

ESPN क्रिकइन्फो के एक रैपिड-फायर सेशन के दौरान अभिनव मुकुंद से पूछा गया कि IPL 2026 में सबसे ज्यादा छक्के कौन लगाएगा। इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के “वैभव सूर्यवंशी” का नाम लिया। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 2025 में IPL डेब्यू करते हुए सिर्फ 7 मैचों में 24 छक्के लगाए थे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए उन्हें सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड भी मिला था। घरेलू और आयु वर्ग क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद अब IPL 2026 में उनसे बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।

विराट कोहली के स्ट्राइक रेट पर भी की भविष्यवाणी

अभिनव मुकुंद ने उसी रैपिड-फायर सेशन में विराट कोहली के IPL 2026 के स्ट्राइक रेट को लेकर भी भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा कि इस सीजन में कोहली का स्ट्राइक रेट करीब 168.8 रहेगा। गौर है कि विराट कोहली IPL इतिहास के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनका करियर स्ट्राइक रेट फिलहाल 132.85 है। उनका सर्वश्रेष्ठ सीजन स्ट्राइक रेट 2024 में 154.69 रहा था, जबकि पिछले IPL में उन्होंने 144.71 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी।

IPL 2026 का ब्रेकआउट स्टार कौन होगा?

मुकुंद ने IPL 2026 के संभावित ब्रेकआउट स्टार के रूप में अशोक शर्मा का नाम भी लिया। 23 वर्षीय यह तेज गेंदबाज राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने 10 टी20 मैचों में 22 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी प्रतिभा को देखते हुए गुजरात टाइटंस ने उन्हें पिछले साल की नीलामी में 90 लाख रुपये में खरीदा था।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन

अशोक शर्मा को IPL कॉन्ट्रैक्ट मिलने की बड़ी वजह उनका सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन रहा। इस टूर्नामेंट में उन्होंने राजस्थान के लिए खेलते हुए 10 मैचों में 22 विकेट हासिल किए और कई बड़े बल्लेबाजों को आउट किया।

IPL 2026 का शेड्यूल

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। टूर्नामेंट के पहले मैच में RCB और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे। वहीं राजस्थान रॉयल्स अपनी मुहिम की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मुकाबले से करेगी।

Related Articles

Back to top button