50 करोड़ के लेनदेन पर इनकम टैक्स का नोटिस, अंडे बेचने वाले युवक के परिवार में हड़कंप

दमोह के अंडे बेचने वाले युवक को 50 करोड़ का आयकर नोटिस, परिवार स्तब्ध मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया कस्बे में रहने वाले प्रिंस सुमन, जो ठेले पर अंडे बेचकर अपना गुजारा करते हैं, उन्हें आयकर विभाग से 50 करोड़ रुपये के लेनदेन का नोटिस मिला है। यह नोटिस देखकर प्रिंस और उनका परिवार घबरा गया, क्योंकि इतनी बड़ी रकम का वे सपने में भी अंदाजा नहीं लगा सकते। आखिर मामला क्या है? 20 मार्च को दिल्ली आयकर विभाग से प्रिंस को नोटिस मिला, जिसमें 49 करोड़ 24 लाख 57 हजार 217 रुपये के वित्तीय लेनदेन का पूरा हिसाब मांगा गया। आयकर विभाग ने नोटिस में साल 2022-23 में हुई खरीदारी, बिल, सामान की डिलीवरी से जुड़े दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट जमा करने के लिए कहा है।
कैसे हुआ यह फर्जीवाड़ा? प्रिंस ने आयकर विशेषज्ञों से सलाह ली, तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर “प्रिंस इंटरप्राइज” नामक फर्म का पंजीकरण दिल्ली में दिसंबर 2022 में कराया। इस फर्म का पता दिल्ली के झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कांप्लेक्स में दर्ज है। फर्जी कंपनी जीएसटी नंबर लेकर करोड़ों का लेनदेन कर चुकी है और अब इसे बंद भी कर दिया गया है। प्रिंस ने प्रशासन से मदद मांगी नोटिस मिलने के बाद से प्रिंस बहुत परेशान हैं और उन्होंने दमोह के पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। अब सवाल उठता है कि कैसे एक साधारण इंसान, जो ठेले पर अंडे बेचकर गुजारा करता है, उसके नाम पर करोड़ों की फर्जी कंपनी बनाई जा सकती है? प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।