
दिल्ली में मार्च में ही चढ़ने लगी भीषण गर्मी, मौसम वैज्ञानिक भी हैरान – जल्द मिल सकती है राहत
दिल्ली। मार्च में ही इतनी गर्मी पड़ने लगी है कि लोग परेशान हो गए हैं। चिलचिलाती धूप और बढ़ता तापमान लोगों को बेहाल कर रहा है। मौसम वैज्ञानिक भी सोच में पड़ गए हैं कि अगर अभी ये हाल है, तो मई-जून में क्या होगा? बुधवार को इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले, 2022 में 31 मार्च को दिल्ली का तापमान 39 डिग्री पर दर्ज किया गया था। हालांकि, राहत की बात यह है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से जल्द ही मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में दिल्ली का मौसम करवट लेगा, हल्की बारिश हो सकती है और 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
29 मार्च तक तापमान में गिरावट की उम्मीद
मौसम में बदलाव का असर आज से ही देखने को मिल सकता है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है। 29 मार्च तक गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली ही नहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है। यूपी, बिहार, पंजाब, राजस्थान और झारखंड में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, इन राज्यों में वीकेंड तक बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में बारिश के आसार
पूर्वोत्तर भारत में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जिससे असम, मणिपुर और सिक्किम में बारिश हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और उत्तराखंड में भी आज हल्की बारिश के संकेत हैं। दक्षिण भारत में भी गर्मी का असर दिख रहा है। कर्नाटक और तमिलनाडु में मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि आंध्र प्रदेश में लू का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आंध्र प्रदेश में लू का अलर्ट जारी
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) के प्रबंध निदेशक आर. कुर्मनध ने बताया कि राज्य के 108 मंडलों में लू चलने की संभावना है। खासतौर पर श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मन्यम और अल्लूरी सीतारामराजू जिले के कुछ हिस्सों में लू का असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। गर्मी अब पूरे देश में अपना असर दिखा रही है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में कुछ राहत जरूर मिलेगी।