मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म, 22 जिलों में पारा 44 डिग्री के पार

भोपाल । मध्य प्रदेश में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू और तेज धूप का असर देखने को मिला। छतरपुर जिले के खजुराहो में तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। वहीं नौगांव में पारा 46 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 22 जिलों में पहली बार इस सीजन में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा। राजधानी भोपाल में भी तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे सड़कों तक पर गर्मी का असर दिखाई दिया। मई महीने में पहली बार पूरे प्रदेश में इतनी तीव्र गर्मी महसूस की गई। खजुराहो में यह अब तक का दूसरा सबसे गर्म दिन माना गया है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां 46.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। इंदौर में 44.3 डिग्री, जबलपुर में 44.2 डिग्री, उज्जैन में 44 डिग्री और ग्वालियर में 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कई बड़े शहरों में पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक गर्मी दर्ज हुई है।

प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में रही। इसके अलावा राजगढ़ में 45.5 डिग्री, रतलाम में 45.4 डिग्री, खंडवा में 45.1 डिग्री और शाजापुर, मुरैना व श्योपुर में तापमान 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। दमोह और सतना में 44.8 डिग्री, सागर में 44.7 डिग्री तथा रीवा और गुना में 44.5 डिग्री तापमान रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक पहुंच सकता है। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत कई जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। जबलपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, रीवा, सिंगरौली और शहडोल सहित कई जिलों में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन यहां भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button