Category: देश-विदेश

  • अब दून में भी ऑटोमेटेड पार्किंग का सुविधा ले सकेंगे शहरवासी

    अब दून में भी ऑटोमेटेड पार्किंग का सुविधा ले सकेंगे शहरवासी

    देहरादून। शहर में आवागमन को व्यवस्थित और आमजन के लिए सुविधायुक्त बनाने लिए जिलाधिकारी कदम बढ़ा रहे हैं। अब शहर वासियों को भी वाहन सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक से लैस ऑटोमेटेड पार्किंग का सुविधा मिलेगी। इसके लिए तीन पार्किंग के टेंडर आमंत्रित किए गए हैं और दो पार्किंग जल्द ही चार माह के भीतर बनकर तैयार होंगे।जिलाधिकारी सविन बंशल ने शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन को लेकर मुहिम को तेज कर दिया है। उन्होंने शहर में पहली बार आटोमेटेड पार्किंग का खाका तैयार किया और स्थान भी चिह्नित किए। अब पार्किंग निर्माण के लिए टेंडर भी आमंत्रित कर लिए गए हैं। जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग को शीघ्र पार्किंग निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है। जिलाधिकारी का कहना है कि वाहन सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक से ऑटोमेटेड पार्किंग लैस होगी। विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्धारित समय तक पार्किंग निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
    ऑटोमेटेड पार्किंग: लैंसडाउन चौक से गांधी पार्क एवं परेड ग्राउंड के मध्य जाने वाले मार्ग पर गांधी पार्क के दाहिने और लैंसडाउन चौक पर तिब्बती मार्केट के सामने बहुउद्देशीय खेल भवन के पास पार्किंग बनाई जाएगी। दोनों ऑटोमेटेड पार्किंग के टेंडर 25 अक्टूबर को खोले जाएंगे जबकि सामान्य पार्किंग सर्वे चौक के पास करनपुर चौकी से लगी हुई काबुल हाउस की भूमि का सतही पार्किंग निर्माण कार्य होगा, जिसका टेंडर 23 अक्टूबर को खोला जाएगा।

  • Baba Siddique: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के चौथे आरोपी जीशान अख्तर की हुई पहचान

    Baba Siddique: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के चौथे आरोपी जीशान अख्तर की हुई पहचान

    जालंधर। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। उन्होंने चौथे आरोपी जीशान अख्तर की पहचान कर ली है। बता दें कि हत्या को तीन शूटरों ने अंजाम दिया था, जिनमें से एक गुरमेल सिंह हरियाणा के कैथल जिले के नारद गांव का रहने वाला है।अन्य दो शूटर उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के हैं। गुरमेल और एक अन्य शूटर धर्मराज को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीसरा शूटर शिवकुमार अभी भी फरार है।
    इसके साथ ही ही इस हत्याकांड का तार पंजाब के जालंधर से भी जुड़ गया है। रिपोर्टों से पता चला है कि चौथा आरोपी पंजाब के नकोदर के शकर गांव का रहने वाला है। उसकी पहचान मोहम्मद जीशान अख्तर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जीशान अख्तर को 2022 में संगठित अपराध, हत्या और डकैती के आरोप में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
    जीशान अख्तर बाहर से दे रहा था निर्देश
    बताया जा रहा है कि तीनों शूटरों को जीशान अख्तर बाहर से निर्देश दे रहा था। उन्होंने उन्हें शूटिंग के समय बाबा सिद्दीकी के स्थान के बारे में जानकारी दी थी। किराये के कमरे की व्यवस्था करने सहित कई चीजों को लेकर मदद की थी।
    पटियाला जेल में लॉरेंस गिरोह से जुड़ा था
    पंजाब के पुलिस सूत्रों ने खुलासा किया कि जीशान अख्तर को पटियाला जेल में कैद किया गया था, जहां वह कथित तौर पर लॉरेंस गिरोह से जुड़ गया था। वह इस साल 7 जून को जेल से रिहा हुआ और बाद में गिरोह में शामिल हो गया।मुंबई पुलिस ने रविवार को घोषणा की कि हत्या के सिलसिले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरा अभी भी फरार है। पुलिस ने बताया कि वह हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है, जिसमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कनेक्शन भी शामिल है।
    बेटे के कार्यालय के बाहर मारी गोली
    बता दें कि शनिवार रात करीब 9 बजे पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी की उनके बेटों के कार्यालय के बाहर गोली मार दी गई थी। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर दो पिस्तौल और 28 राउंड बरामद किए गए हैं। डीसीपी क्राइम ब्रांच दत्ता नलवाडे ने कहा कि हम मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की भूमिका की जांच कर रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के पास से दो पिस्तौलें बरामद कीं। आरोपी मिर्ची स्प्रे लेकर आए थे। पहले आरोपी स्प्रे करने वाले थे और फिर गोली चलाने वाले थे लेकिन तीसरे आरोपी शिव कुमार गौतम ने सीधे फायरिंग शुरू कर दी। बाबा सिद्दीकी के साथ तीन कांस्टेबल थे।

  • रुड़की- लक्सर रेल लाइन पर मिला गैस सिलेंडर

    रुड़की- लक्सर रेल लाइन पर मिला गैस सिलेंडर

    हरिद्वार। रुड़की-लक्सर रेलवे ट्रैक पर एक गैस सिलेंडर मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि सिलेंडर खाली था। घटना कल सुबह की है। लेकिन अधिकारियों ने यह जानकारी रविवार को सार्वजनिक की।
    भुचड़ी रेलवे स्टेशन के निकट ढंडेरा में लक्सर-रुड़की रेलवे ट्रैक पर एक खाली तीन किलोग्राम का गैस सिलेंडर पड़ा मिला। घटना के बाद आरपीएफ, जीआरपी व सुरक्षा बल तुरंत हरकत में आ गए। ट्रेक पर गैस सिलेंडर होने की जानकारी सबसे पहले एक मालगाड़ी चालक ने रेलवे सुरक्षा बल को दी, जिसके बाद एहतियातन आसपास भी रेलवे ट्रैक खंगाला गया, लेकिन दूसरी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। रेल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) स्वप्न किशोर ने बताया कि रुड़की-लक्सर रेल मार्ग के बीच में तीन किलोग्राम का एक छोटा सिलेंडर पड़ा हुआ था, जिसकी सूचना मिलते ही आरपीएफ व पुलिस की टीमें मौके पर पंहुची और सिलेंडर को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया इसमें कोई साजिश नजर नहीं आ रही है, फिर भी मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

  • गंग नहर 20 दिनों के लिए बंद हाेने से हर की पैड़ी में स्नान करने आ रहे श्रद्धालु परेशान

    गंग नहर 20 दिनों के लिए बंद हाेने से हर की पैड़ी में स्नान करने आ रहे श्रद्धालु परेशान

    हरिद्वार। हरकी पैड़ी पर गंगाजल नहीं होने से श्रद्धालु निराश होकर वापस लौट रहे हैं। सिंचाई विभाग के आश्वासन के बावजूद गंगा घाटों में स्नान तो क्या आचमन तक के लिए जल उपल्ब्ध नहीं है। 20 दिनों के लिए गंगनहर को बंद करने की वजह से हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाट जलविहीन हो गए हैं।हर की पैड़ी की प्रबंधकारिणी संस्था गंगा सभा के पदाधिकारियों ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए हर की पैड़ी पर तत्काल पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की मांग की है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से प्रतिवर्ष इन्हीं दिनों गंगनहर को सफाई और मरम्मत के लिए बंद किया जाता है। शनिवार देर रात को भीमगोड़ा बैराज से गंगनहर में जल बंद कर दिया गया, जिसके बाद रविवार को हरकी पैड़ी सहित सभी गंगा घाटों पर स्नान लायक जल नहीं रहा। रविवार होने के कारण हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए हरकी पैड़ी पहुंचे थे,लेकिन गंगनहर बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को स्नान और कर्मकांड करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डामकोठी से आगे ज्वालापुर तक गंगनहर पर बने अनेक घाट जलविहीन रहे।
    वहीं बीती रात 12 बजे जैसे ही हर की पैड़ी पर जल प्रवाह थमा वैसे ही गंगा में पैसे व अन्य कीमती धातु ढूंढने के लिए देर रात से ही लोग सूखी गंगा में खोजबीन करने लगे। गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम तथा महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने सिंचाई विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए वर्ष 1916 में गंगा सभा के साथ हुए समझौते के अनुरूप तत्काल हर की पैड़ी पर पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की मांग की है

  • जय श्री राम के जयकारे के साथ CM भगवंत मान ने किया रावण का संहार

    जय श्री राम के जयकारे के साथ CM भगवंत मान ने किया रावण का संहार

    अमृतसर। बुराई पर अच्छाई की जीत हुई। दशहरा के अवसर पर शहर में 120 फुट ऊंचा रावण जला। श्री दशहरा कमेटी अमृतसर व श्री दुर्ग्याणा कमेटी की ओर से दशहरा ग्राउंड में रावण दहन किया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शाम 5:35 पर मुख्यमंत्री ने रिमोट का बजट दबाकर रावण का दहन किया।भगवंत मान ने कहा कि कहा कि रावण अहंकार का प्रतीक है। दशहरे के दिन यह अहंकार टूटा था। उन्होंने कहा कि पवित्र नगरी में आने के दौरान मुझे बचपन के दिन याद आ रहे हैं, जब हम दशहरा देखते थे। उन्होंने जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए दशहरा पर्व की बधाई दी।
    मुख्यमंत्री सिर्फ एक मिनट में बोले। श्री दुर्ग्याणा कमेटी की अध्यक्ष प्रोफेसर लक्ष्मीकांता चावला की अध्यक्षता में करवाए गए दशहरा पर्व में पूर्व उपमुख्यमंत्री ओमप्रकाश सोनी ने ज्योति प्रज्ज्वलित की। समारोह का शुभारंभ महासचिव अरुण खन्ना ने किया।ओम प्रकाश सोनी ने कहा कि हमें अहंकार नहीं करना चाहिए। अहंकार हमें विनाश की ओर ले जाता है। हमें हमेशा सच्चाई के मार्ग पर जाना है। ईमानदारी से कर्तव्य निभाना चाहिए। उन्होंने दशहरा पर्व की सभी को बधाई दी।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ आदि उपस्थित थे।
    इस मौके पर प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने कहा कि विजदशमी हमारा सांस्कृतिक त्यौहार है, पर आज इस दिन पर हमारे सामने बहुत से प्रश्नचिन्ह हैं। जिस रावण को हमने वंश सहित नष्ट किया उस रावण के राज्य में निश्चित ही एक भी बेटी बलात्कार जैसे घृणित अपराध का शिकार नहीं हुई थी।रावण ने भी सीता जी को अशोक वाटिका में महिला पुलिस कर्मियों की देखरेख में रखा। इस समय हम भारतीयों को यह सोचना है कि जब तक देश में बेटियों की इज्जत लुटती है, रिश्वतखोर इस देश में खुले घूम रहे हैं, जनता का खून चूस रहे हैं, अन्याय, अत्याचार और शोषण का बोलबाला है। बाहुबली और दबंग ही समाज में शान के साथ घूमते हैं और जिस देश की संसद और विधानसभाओं में सैकड़ों ही दागी आरोपी इस समय देश का कानून बनाने का काम कर रहे हैं उस देश को रावण जलाने से पहले सौ बार सोचना होगा कि क्या हमारे हाथ इतने साफ हैं कि हम रावण को जला सकें।

    विजयदशमी के बाद राम राज्य स्थापित होता है। संकल्प लेना होगा कि हम केवल कागजी रावण को ही नहीं जलाएंगे, समाज में फैली बुराई और समाज विरोधी तत्वों को भी समाप्त करेंगे। चाहे इसके लिए कितना भी बलिदान क्यों न करना पड़े। इस मौके पर दशहरा पर्व बजरंगी सेना की टोलियां भी आई हुई थी।श्री राम जी लक्ष्मण जी की झांकियां लोगों को अपनी और आकर्षित कर रही थी। ढोल की ताल पर बजरंगी सेना नाचते हुए दिखाई दिए।

  • बॉर्डर पर नहीं थम रही पाक की नापाक हरकत, सीमा पार से भेज रहा ड्रोन, ड्रग्स और हथियार

    बॉर्डर पर नहीं थम रही पाक की नापाक हरकत, सीमा पार से भेज रहा ड्रोन, ड्रग्स और हथियार

    अमृतसर। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन, नशा व हथियार भेजने की नापाक हरकत जारी है। बीएसएफ व पुलिस ने सीमा पर करीब 12 किलो हेरोइन, चार चीन निर्मित ड्रोन व तीन विदेशी पिस्तौल बरामद की है। पिस्तौल लेने आए तीन तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
    कांउटर इंटेलिजेंस (सीआई) की टीम ने शनिवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अमृतसर जिले सीमावर्ती गांव सुखेवाल गांव के पास 10.400 किलोग्राम हेरोइन की खेप बरामद की है। हालांकि हेरोइन लेने आया तस्कर तरनतारन निवासी सुखराज सिंह अपने साथी के साथ स्कार्पियो से फरार हो गया। सीआई ने स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है।
    डीएसपी बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। यही नहीं, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ ) ने अमृतसर के गांव मुल्लांकोट, गांव दाउेके व गांव राजाताला में धान के खेतों से तीन ड्रोन बरामद किए हैं। सभी ड्रोन चीन निर्मित हैं। माना जा रहा है कि पाकिस्तान तस्करों की ओर से ये ड्रोन भेजे गए थे, पर ये ड्रोन एंटी ड्रोन सिस्टम के संपर्क में आते ही नीचे आ गिरे। इनमें से एक ड्रोन में बंधे पैकेट से 480 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। उधर, सीमावर्ती गांव घरिंडा में पाकिस्तानी तस्करों की तरफ से ड्रोन के जरिये गिराई तीन विदेशी पिस्तौल उठाने पहुंचे तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
    आरोपितों की पहचान गांव रामूवाल निवासी अर्शदीप सिंह, गांव भासरके भैणी निवासी संदीप सिंह और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। आरोपितों के पाकिस्तानी तस्करों के साथ-साथ गैंगस्टरों से संबंध भी सामने आए हैं।
    पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने यह हथियार किसी गैंगस्टर को देने थे। इसके बदले में उन्हें पैसों का भुगतान किया जाना था। हथियार किस गैंगस्टर को दिया जाना था, इसकी जानकारी बाद में फोन पर मिलती।
    आरोपित अर्शदीप सिंह पहले भी हेरोइन तस्करी के आरोप में जेल जा चुका था। जमानत पर आने के बाद वह दोबारा नशा और हथियार तस्करी का काम शुरू कर दिया है।
    वहीं गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में किसान कंबाइन से खेतों में धान की कटाई कर रहा था। इसी दौरान उसे पीले रंग का पैकेट मिला। किसान ने बीएसएफ जवानों और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पैकेट में से 544 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बताया जा रहा कि इसे सीमा पार से पाकिस्तानी ड्रोन के जरिये यहां गिराया गया होगा। फिरोजपुर में पाकिस्तान से आए ड्रोन को गिराया फिरोजपुर जिले में भी बीएसएफ की जोगिंदर चौकी के निकट जवानों ने सीमा पार से आए ड्रोन को फायरिंग कर गिरा दिया। तलाशी के दौरान 448 ग्राम हेरोइन, एक मैगजीन बरामद की गई। इसे थाना लक्खोके बहिराम पुलिस को सौंप दिया। ड्रोन चीन निर्मित है। थाना लक्खोके बहिराम के प्रभारी गुरविंदर सिंह कुमार ने बताया कि बीएसएफ के सहायक कमांडर संतोष कुमार जवानों के साथ शुक्रवार रात जोगिंदर चौकी के निकट तैनात थे। इसी दौरान सीमा पार से एक ड्रोन भारतीय सीमा में आया तो जवानों ने इसे फायरिंग कर गिरा दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

  • चुनाव जीतते ही शुरू हुई मंत्री बनने की भागमभाग

    चुनाव जीतते ही शुरू हुई मंत्री बनने की भागमभाग

    चंडीगढ़। हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दशहरे के बाद 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। प्रधानमंत्री के विदेश दौरे के चलते शपथ ग्रहण समारोह में देरी होगी, क्योंकि पीएम मोदी ने नायब सैनी को दो दिन पहले हुई मुलाकात के दौरान शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का भरोसा दिलाया है। इस दौरान भाजपा के दिल्ली दरबार की गतिविधियां बृहस्पतिवार को भी जारी रही। कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर शाम को वापस चंडीगढ़ लौट आए। चंडीगढ़ लौटते ही उनसे मुलाकात करने के लिए अधिकारी सीएम निवास पर पहुंचने लगे।
    मंत्री बनने के लिए कई विधायक लगा रहे दौड़
    नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करने के बाद नायब सैनी ने बृहस्पतिवार को भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर से भी नायब सैनी मिले। नायब सैनी और धर्मेद्र प्रधान के बीच संभावित मंत्रिमंडल के सदस्यों के नामों को लेकर चर्चा हुई है। इस दौरान नायब कैबिनेट में मंत्री बनने की आस लगाए कई विधायकों ने दिल्ली व चंडीगढ़ में भाजपा तथा संघ नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिले।
    भिवानी के बवानीखेड़ा से विधायक कपूर वाल्मीकि, रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा, नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी, बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा, भाजपा की राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी, तोशाम से विधायक चुनी गई किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी और दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। पंचकूला के पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने चंडीगढ़ में नायब सैनी से उनके आवास पर मुलाकात की। हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना की जलेबियों पर बृहस्पतिवार को फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पवन खेड़ा की घेराबंदी की। उन्होंने नई दिल्ली में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं व पवन खेड़ा को हमारी पार्टी के अध्यक्ष मोहन बडौली जलेबियां उपहार में भिजवाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को गोहाना की जलेबी पसंद आई और वह आश्चचर्यचकित हुए, यह अच्छी बात है। लेकिन उन्होंने जलेबी पर राजनीति की है। हरियाणा में कई तरह की जलेबी होती है। बारीक, मीडियम और गोहाना की जलेबी सबसे मोटी होती है।
    हरियाणा का कल्चर और खानपान अलग-अलग जगह अलग-अलग होता है। कहीं की बर्फी मशहूर है तो कहीं फीरनी, कहीं घेवर और कहीं की अमरती मशहूर है। राहुल गांधी को यह मालूम नहीं है। चुनाव के दौरान जब वे हरियाणा में पिकनिक मनाने आए तो किसी ने उनकी गाड़ी में गोहाना की बड़ी जलेबियों का डिब्बा रख दिया। इतनी बड़ी जलेबी देखकर राहुल गांधी हैरान हो गए। अब भाजपा की जीत पर हम कांग्रेस वालों को जलेबियां भिजवाने का काम करेंगे।

     

  • पंचायत चुनाव के जरिये उपचुनाव की तैयारी कर रहीं विपक्षी पार्टियां

    पंचायत चुनाव के जरिये उपचुनाव की तैयारी कर रहीं विपक्षी पार्टियां

    चंडीगढ़। पंचायत चुनाव के जरिये विपक्षी पार्टियां कांग्रेस, शिअद और भाजपा गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए तैयारी कर रही हैं। पंचायत चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर कांग्रेस ने गिद्दड़बाहा में धरना दिया। इसकी अगुआई कांग्रेस के प्रदेश प्रधान व लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने की। वहीं, श्री अकाल तख्त द्वारा तनखाइया घोषित होने के बाद राजनीति परिदृश्य से गायब दिख रहे शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल भी पार्टी की ओर से दिए धरने में पहुंचे। भाजपा नेता मनप्रीत बादल भी गिद्दड़बाहा में सक्रिय हो गए हैं। वह भी लगातार पंचायत चुनाव में हो रही कथित धांधली को लेकर लोगों से मिल रहे हैं। बता दें कि राज्य में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसमें बरनाला, गिद्दड़बाहा, चब्बेवाल और डेराबाबा नानक शामिल हैं। गिद्दड़बाहा इसलिए भी सबसे हाट सीट है, क्योंकि सांसद बनने से पहले वड़िंग यहां से विधायक थे। उन्होंने लगातार तीन बार यहां से विधानसभा चुनाव जीता है। वड़िंग हर हाल में अपने गृह नगर की सीट को बचाना चाहते हैं।
    इससे पहले इस सीट पर मनप्रीत बादल का कब्जा होता था। मनप्रीत तब शिअद में थे। मनप्रीत का राजनीतिक करियर भी इसी विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुआ था। मनप्रीत वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए थे। लोकसभा चुनाव में ही वह सक्रिय नहीं रहे। इसका कारण यह बताया गया था कि उन्होंने स्टंट डलवाया है।
    वहीं, गिद्दड़बाहा उपचुनाव आने के साथ ही मनप्रीत वहां पर सक्रिय हो गए हैं। भाजपा भी मनप्रीत के जरिये गिद्दड़बाहा में अपने पांव मजबूत करना चाहती है। बता दें कि इससे पहले भाजपा कभी भी गिद्दड़बाहा में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ी है। शिअद भी अपनी इस सीट को फिर से पाना चाहता है। इसके लिए सुखबीर सक्रिय हो गए हैं।
    आप ने भी उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी
    जबकि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने भी उपचुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी थी। आप ने सुखबीर बादल के करीबी हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों को पार्टी में शामिल करवाया था। चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा नहीं की और इस बीच में पंचायत चुनाव आ गए। इसे लेकर सभी पार्टियों ने आप के खिलाफ गिद्दड़बाहा में मोर्चा खोल रखा है।

  • गंगोत्री धाम के कपाट दो नवंबर को, यमुनोत्री के तीन नवंबर को बंद होंगे

    गंगोत्री धाम के कपाट दो नवंबर को, यमुनोत्री के तीन नवंबर को बंद होंगे

    उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के कपाट अभिजीत मुहूर्त में अन्नकूट पर्व के अवसर पर 2 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे, जबकि यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के दिन 3 नवंबर को बंद किए जाएंगे। परंपरा अनुसार, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद करने के मुहूर्त शारदीय नवरात्र के अवसर पर तय किए जाते हैं। शुक्रवार को गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों ने दोनों धामों के कपाट बंद करने के शुभ मुहूर्त की घोषणा की। गंगोत्री धाम में भगवती गंगा के कपाट 2 नवंबर को दोपहर 12:14 बजे बंद होंगे। मां भगवती गंगा की डोली गंगोत्री से प्रस्थान कर रात्रि में भगवती मंदिर मारकंडेय में विश्राम करेगी और 3 नवंबर को मुखवा गांव में शीतकालीन प्रवास के लिए विराजमान हो जाएगी। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने जानकारी दी कि परंपरा अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने का मुहूर्त शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन तय किया जाता है। इस वर्ष, मां गंगा की डोली 3 नवंबर को अपने मायके मुखवा में छह महीने के शीतकालीन प्रवास के लिए पहुंचेगी। इस अवसर पर मंदिर समिति के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। यमुनोत्री धाम के कपाट भी परंपरानुसार दशहरे के दिन तय किए गए मुहूर्त के अनुसार 3 नवंबर को भैया दूज पर बंद होंगे। यमुनोत्री धाम के रावल आशीष उनियाल ने बताया कि 3 नवंबर को सोमेश्वर देवता की डोली के साथ मां यमुना की डोली खरसाली गांव के लिए रवाना होगी, जहां शीतकालीन प्रवास होगा।

  • नारी शक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्साः राज्यपाल

    नारी शक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्साः राज्यपाल

    देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को राजभवन में सपरिवार शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर विधि-विधान से देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।राज्यपाल ने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व समाज की परंपराओं और मूल्यों का प्रतीक है। देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन हमें याद दिलाता है कि नारी शक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। राज्यपाल ने समाज में नारी शक्ति के सम्मान को और मजबूत करने का आह्वान किया।