मप्र: नौतपा में बदला मौसम का मिजाज, प्रदेशभर में आंधी-बारिश से मिली राहत, कई जिलों में गिरे ओले

भाेपाल। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन, धार, देवास, गुना, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, शिवपुरी, डिंडौरी, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़ सहित 26 से अधिक जिलों में शुक्रवार रात से शनिवार तक आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में 2 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है और लोगों को भीषण गर्मी व लू से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने 31 मई से 2 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। राजधानी भाेपाल में शनिवार सुबह से बादलाें ने डेरा डाले रखा, जिससे गर्मी से थाेडी राहत मिली। वहीं छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा और परासिया क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे।
इंदौर में रिमझिम फुहारों से बदला मौसम
इंदौर में शनिवार सुबह से आसमान बादलों से घिरा रहा। कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश और बूंदाबांदी हुई, जबकि ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। पिछले 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 41 डिग्री से घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नौतपा की शुरुआत से उमस और तेज गर्मी से परेशान लोगों को इस बदलाव से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में अगले एक-दो दिन तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
26 जिलों में बारिश, कहीं ओले तो कहीं तेज आंधी
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में टीकमगढ़ में सवा इंच, दतिया में आधा इंच और नौगांव में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, धार, गुना, रतलाम, उज्जैन, दमोह, खजुराहो, रीवा, सागर, सतना, उमरिया, खरगोन, शिवपुरी, डिंडौरी, मंदसौर, खंडवा, शाजापुर, देवास, झाबुआ, मुरैना और श्योपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। श्योपुर और देवास में ओलावृष्टि भी हुई, जबकि कई स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
गुना में हनुमान टेकरी मंदिर पर गिरी बिजली
गुना में आंधी-बारिश के दौरान प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। डिंडौरी में शनिवार सुबह आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। सुबह साढ़े दस बजे तक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।




