दिल्ली

खंडित मूर्तियों के ससम्मान रीसाइक्लिंग के लिए दिल्ली सरकार बनाएगी विशेष कलेक्शन सेंटर्स

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राजधानी में खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियों के सम्मानजनक संग्रह एवं रीसाइक्लिंग के लिए एक विशेष जनभागीदारी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में खंडित (पुरानी) मूर्तियों के सम्मानजनक विसर्जन और रीसाइक्लिंग के लिए समर्पित ‘कलेक्शन सेंटर्स’ स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने इस मुहिम को पूरी तरह नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए सीधे दिल्लीवासियों से सुझाव मांगे हैं ताकि जनभागीदारी से इस योजना को अंतिम रूप दिया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक जिन मूर्तियों को लोग अपने घरों में भगवान के रूप में पूजते हैं, उनके खंडित हो जाने के बाद अक्सर उन्हें पीपल के पेड़ों के नीचे, नदी किनारे, पार्कों या सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। यह न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। दिल्ली सरकार ऐसे समर्पित कलेक्शन सेंटर स्थापित करेगी, जहां नागरिक अपनी खंडित मूर्तियों को सम्मानपूर्वक जमा कर सकेंगे। बाद में इन मूर्तियों को वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से रीसायकल कर उपयोगी वस्तुओं में परिवर्तित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि आस्था का सम्मान भी बना रहे और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो। यह पहल केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन बनेगी। दिल्ली सरकार इस विषय पर एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रही है और नागरिकों से सुझाव आमंत्रित कर रही है। इस योजना के तहत मुख्यमंत्री ने सीधे जनता के सामने तीन मुख्य सवाल रखे हैं और नागरिकों से अपने सुझाव साझा करने की अपील की है। इस योजना को लेकर लोगों से उनके विचार, कलेक्शन सेंटर्स कहां-कहां बनाए जाने चाहिए (जैसे- अपने वार्ड, मार्केट या कॉलोनी का सुझाव दें) और इस व्यवस्था को और बेहतर और गरिमापूर्ण बनाने के लिए हम और क्या किया जा सकता है, जैसे सवाल पूछे गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अच्छे विचार को जब जनता का साथ मिलता है तो वह आंदोलन बन जाता है। हमारी आस्था का सम्मान और दिल्ली की सफाई, दोनों हमारी जिम्मेदारी हैं। आप अपने सुझाव मुझे सोशल मीडिया पर कमेंट करके जरूर बताएं। आपके सुझावों के आधार पर ही दिल्ली सरकार एक विस्तृत और फूलप्रूफ योजना तैयार करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button