इन वजहों से बढ़ जाता है शादी के बाद महिलाओं का वजन

नई दिल्ली। शादी के बाद अक्सर महिलाओं का वजन बढ़ जाता है। ऐसा होना काफी आम बात है, जिसके पीछे कई कारण छिपे हो सकते हैं। इनमें शारीरिक, भावनात्मक और जीवनशैली से जुड़े बदलाव शामिल हैं। इन्हीं वजहों के बारे में हम यहां जानेंगे। आइए जानें क्यों शादी के बाद महिलाओं का वजन बढ़ जाता है।
शादी के बाद क्यों महिलाओं का वजन बढ़ जाता है?
कारण-1
शादी के बाद महिलाओं के शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं। ऐसा खासकर तब होता है, जब महिला गर्भधारण करने की इच्छा रख रही है। जाहिर सी बात है हार्मोन्स में बदलाव की वजह से मेटाबॉलिज्म और पाचन पर भी असर पड़ता है, जिसके कारण वजन बढ़ सकता है।
कारण-2
शादी के बाद महिलाओं पर नई जिम्मेदारियां आ जाती हैं। घर के काम, रिश्तों के उतार-चढ़ाव, करियर की चिंता आदि बड़ा बोझ बनकर उनके कंधों पर आते हैं। इसकी वजह से स्ट्रेस हार्मोन बढ़ता है, जो वजन बढ़ने की वजह बन सकता है। स्ट्रेस की वजह से खाने के पैटर्न में भी बदलाव होता है, जिसके कारण वजन बढ़ सकता है।
कारण-3
शादी से पहले अपने पर्फेक्ट फिगर के लिए महिलाएं काफी डाइटिंग और एक्सरसाइज आदि करती हैं, लेकिन शादी के बाद वो इस पर उतना ध्यान नहीं देतीं, जिसकी वजह से कड़ी मेहनत से कम किया गया वजन भी लौट आता है और उनका वजन बढ़ जाता है।
कारण-4
शादी के फंक्शन में काफी तला-भुना खाना होता है, जिसे दुल्हन भी खाती है। साथ ही, शादी के बाद पति और ससुरालवालों के साथ खाना होता है, जिनकी खाने की आदतें महिलाओं के खाने के पैटर्न को भी प्रभावित करती है। ऐसे में अगर महिला के ससुरालवाले ज्यादा फैट वाला खाना खाते हैं, तो संभावित है कि महिला भी वैसा ही खाना शुरू कर दे।
कारण-5
शादी के बाद अक्सर नई जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए महिलाओं को देर तक जागना पड़ता है और सुबह भी वे सबसे पहले जाग जाती हैं। नींद की कमी भी स्ट्रेस हार्मोन को बढ़ाता है, जिसकी वजह से वजन बढ़ सकता है। इसके कारण भूख भी ज्यादा लगती है।
कारण-6
शादी के बाद रिलेशनशिप में महिला को सुरक्षित महसूस होता है। वो रिलैक्स कर पाती हैं और उनका तनाव भी इस बारे में कम होता है। इससे वो ज्यादा खुश और संतुष्ट रहती हैं। शादी के बाद वजन बढ़ने के पीछे एक यह कारण भी हो सकता है।




