अन्य

पीएम मोदी आज तमिलनाडु और पुडुचेरी के दौरे पर, कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज रविवार को तमिलनाडु और पुडुचेरी के दौरे पर हैं । पीएम मोदी पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वहीं, तमिलनाडु में 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी पुडुचेरी में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, औद्योगिक प्रगति, शिक्षा, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा और सस्टेनेबल ग्रोथ को गति देने वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिनमें पीएम ई-बस सेवा के तहत ई-बसों का परिचालन, स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सिटी इन्वेस्टमेंट्स टू इनोवेट, इंटीग्रेट एंड सस्टेन (CITIIS) योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए निर्मित आवास शामिल हैं। इसके साथ ही, वे पुडुचेरी सरकार की सीवरेज और जलापूर्ति क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। क्षेत्र में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में, वे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, कराईकल के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और गंगा हॉस्टल, जेआईपीएमईआर में क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के आधुनिकीकरण तथा पांडिचेरी विश्वविद्यालय के नए भवनों व छात्रावासों का भी लोकार्पण करेंगे।

पीएम मोदी राजस्थान और गुजरात के अपने प्रवास के पश्चात, कल शनिवार रात चेन्नई पहुंचे। आज दोपहर को वह मदुरै के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद, शाम लगभग 4:00 बजे, प्रधानमंत्री मदुरै के तिरुप्पारनकुंद्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे में नए चार-लेन हाईवे का उद्घाटन शामिल है, जो मड़क्कणम-पुडुचेरी और परमाकुडी-रमनाथपुरम को जोड़ते हैं। इससे शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

केंद्र की अमृत भारत योजना के तहत, प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के आठ पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों, मोरप्पुर, बॉमिडी, श्रीविल्लीपुथुर, चोलावंदन, मनप्पराई, पोल्लाची जंक्शन, कराइकुडी जंक्शन और तिरुवरूर जंक्शन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इसके अलावा, कुंभकोनम, येरकौद और वेल्लोर में तीन नए ऑल इंडिया रेडियो एफएम रिले ट्रांसमीटर लॉन्च किए जाएंगे, ताकि तमिलनाडु में प्रसारण सेवाओं को मजबूत किया जा सके।

Related Articles

Back to top button