International News: भारत के साथ व्यापार संबंध बहाल करने पर गंभीरता से विचार करेगा पाकिस्तान: विदेश मंत्री इशाक डार

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार ने भारत के साथ व्यापार संबंधों को बहाल करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, भारत के साथ व्यापार संबंधों को फिर से बहाल करने पर विचार कर रहा है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रसेल्स में परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार ने लंदन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि नकदी संकट से जूझ रहे उनके देश का व्यापारिक समुदाय भारत के साथ व्यापारिक गतिविधियां फिर शुरू करना चाहता है। विदेश मंत्री ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तानी कारोबारी चाहते हैं कि भारत के साथ व्यापार फिर से शुरू हो। उन्होंने कहा कि हम भारत के साथ व्यापार संबंध फिर बहाल करने पर विचार करेंगे। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने डार के हवाले से कहा कि हम भारत के साथ व्यापार के मामलों को गंभीरता से देखेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा आर्टिकल 370 को निरस्त करने और जम्मू-कश्मीर की विशेष स्थिति को रद्द करने के बाद पाकिस्तान ने नई दिल्ली के साथ अपने राजनयिक संबंधों को कम कर दिया है। पाकिस्तान ने कहा कि इस फैसले ने पड़ोसियों के बीच बातचीत के माहौल को कमजोर कर दिया है। पाकिस्तान का कहना है कि भारत के साथ बातचीत शुरू करने की पूर्व शर्त के तौर पर भारत को कश्मीर में अपने एकतरफा कदमों को वापस लेना होगा। हालांकि, भारत ने इस सुझाव को खारिज कर दिया है और पाकिस्तान को स्पष्ट कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का संपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश देश का अभिन्न हिस्सा है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *