खेल

IPL 2026 : RCB ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराया, प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बनी

धर्मशाला : वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली के अर्धशतक से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रविवार को यहां पंजाब किंग्स को 23 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बनी। लगातार तीसरी जीत के साथ बेंगलुरु की टीम के 13 मैच में 18 अंक हो गए हैं और टीम शीर्ष पर बरकरार है। लगातार छठी हार के बाद पंजाब की टीम 13 मैच में 13 अंक के साथ चौथे पायदान पर है।

RCB के 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शशांक सिंह (56 रन, 27 गेंद, चार छक्के, चार चौके) के अर्धशतक और मार्कस स्टोइनिस (37 रन, 25 गेंद, पांच चौके) के साथ उनकी छठे विकेट की 67 रन की साझेदारी के बावजूद पंजाब की टीम आठ विकेट पर 199 रन ही बना सकी। कूपर कोनोली (37) और सूर्यांश शेडगे (35) ने भी उपयोगी पारियां खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। बेंगलुरु की ओर से रसिक सलाम ने 36 रन देकर तीन जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए।

बेंगलुरु की टीम ने वेंकटेश (नाबाद 73, 40 गेंद, आठ चौके, चार छक्के) की कोहली (58 रन, 37 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 और टिम डेविड (12 गेंद में 28 रन, दो छक्के, दो चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 222 रन बनाए। कोहली ने कप्तान देवदत्त पडिक्कल (45) के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 जोड़कर टीम को ठोस मंच प्रदान किया। पंजाब की ओर से हरप्रीत बरार सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 35 रन देकर दो विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह (43 रन पर एक विकेट) और युजवेंद्र चहल (42 रन पर एक विकेट) को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने तीसरे ओवर में 19 रन तक ही सलामी बल्लेबाजों प्रियांश आर्य (00) और प्रभसिमरन सिंह (02) तथा कप्तान श्रेयस अय्यर (01) के विकेट गंवा दिए। भुवनेश्वर ने पारी की तीसरी ही गेंद पर प्रियांश को मिडविकेट पर रोमारियो शेफर्ड के हाथों कैच कराया जबकि इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में प्रभसिमरन भी स्लिप में पडिक्कल को कैच दे बैठे। रसिक ने अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर श्रेयस को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराके पंजाब को तीसरा झटका दिया।

कोनोली और शेडगे ने पावर प्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 49 रन तक पहुंचाया। कोनोली ने इस बीच जोश हेजलवुड (36 रन पर एक विकेट) और रसिक पर छक्के भी मारे। कोनोली ने सुयश शर्मा (50 रन पर एक विकेट) पर भी छक्का जड़ा लेकिन इसके बाद शेफर्ड (आठ रन पर एक विकेट) की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर जैकब बेथेल के हाथों लपके गए। उन्होंने 22 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और इतने ही चौके मारे। शेडगे ने सुयश पर छक्का मारा लेकिन फिर इस लेग स्पिनर की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर कोहली को कैच दे बैठे जिससे टीम का स्कोर पांच विकेट पर 93 रन हो गया। उन्होंने 22 गेंद की अपनी पारी में दो छक्के और दो चौके जड़े।

पंजाब के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ। शशांक ने सुयश पर तीन छक्कों के साथ रन गति में इजाफा करने का प्रयास किया। बेथेल ने कृणाल पंड्या की गेंद पर स्टोइनिस का कैच टपकाया जबकि शशांक ने इस ओवर में दो चौके मारे। स्टोइनिस ने भी रसिक पर लगातार दो चौके मारे। पंजाब को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 77 रन की दरकार थी। शशांक ने भुवनेश्वर पर छक्का और स्टोनिस ने चौका मारा। हेजलवुड ने स्टोइनिस को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि इस ओवर में सिर्फ सात रन बने। शशांक ने भुवनेश्वर पर दो चौकों के साथ 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। पंजाब को अंतिम दो ओवर में 40 रन की जरूरत थी लेकिन हेजलवुड ने 19वें ओवर में सिर्फ सात रन दिए। रसिक ने अंतिम ओवर में शशांक को लॉन्ग ऑफ पर कोहली के हाथों कैच कराके बेंगलुरु की जीत सुनिश्चित की।

अय्यर ने इससे पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पावर प्ले में एक विकेट पर 61 रन बनाकर सतर्क शुरुआत की। बेंगलुरु की टीम ने तीसरे ओवर में ही बेथेल (11) का विकेट गंवा दिया जिन्हें हरप्रीत ने बोल्ड किया। पडिक्कल ने आते ही हरप्रीत पर छक्का जड़ा जबकि कोहली ने भी अजमतुल्लाह उमरजई और लॉकी फर्ग्युसन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। पडिक्कल ने चहल का स्वागत दो छक्कों के साथ किया जबकि कोहली ने भी इस लेग स्पिनर पर चौका मारा। पडिक्कल जब अच्छी लय में दिख रहे थे तो हरप्रीत की गेंद को कवर्स में सीधे अय्यर के हाथों में खेल गए। उन्होंने 25 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्के मारे।

बेंगलुरु के रनों का शतक 10वें ओवर में पूरा हुआ। कोहली ने शशांक पर छक्के और एक रन के साथ 31 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया। वेंकटेश ने भी फर्ग्युसन पर चौका जड़ने के बाद हरप्रीत पर लगातार दो चौके मारे। वेंकटेश ने 15वें ओवर में चहल पर दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया लेकिन इसी ओवर में कोहली ने डीप मिडविकेट पर प्रियांश को कैच थमा दिया। वेंकटेश ने 17वें ओवर में फर्ग्युसन पर दो छक्के और एक चौका मारा और इस दौरान 29 गेंद में सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। इसके अगले ओवर में टीम के रनों को दोहरा शतक भी पूरा हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button