खेल

भारतीय टीम ने लगाई जीत की हैट्रिक

नई दिल्ली। टी20 विश्‍व कप 2024 में भारतीय टीम अब सुपर 8 में पहुंच गई है। बुधवार को खेले गए मैच में टीम इंडिया ने अमेरिका को 7 विकेट से रौंदा। टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरे जीत है। शानदार गेंदबाजी के लिए अर्शद‍ीप सिंह को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने भी जीत में अहम योगदान दिया।
अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में मात्र 2.20 की इकॉनमी से 9 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उन्होंने मैच की पहली गेंद पर ही विकेट झटका। अर्शदीप सिंह ने पहली गेंद पर शयान जहांगीर को अपना शिकार बनाया। इसके अलावा उन्‍होंने एंड्रीज गूस, नितीश कुमार और हरमीत सिंह को भी पवेलियन की राह दिखाई। टी20 इंटरनेशनल में यह अर्शदीप का सर्वश्रेष्‍ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इसके अलावा वह टी20 विश्‍व कप में सर्वश्रेष्‍ठ गेंदबाजी करने वाले भारतीय बॉलर भी बन गए हैं।
सूर्यकुमार यादव
पिछले 2 मुकाबलों में सूर्यकमार यादव का बल्‍ला खामोश रहा था। अमेरिका के खिलाफ जब भारत को टॉप ऑर्डर ढेर हो गया तो सूर्यकुमार यादव ने शिवम दुबे के साथ मिलकर पारी को संभाला। इस दौरान सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक भी लगाया। उन्‍होंने 102.04 की स्‍ट्राइक रेट से 49 गेंदों पर 50 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्‍होंने 2 चौके और 2 छक्‍के लगाए। उनके और दुबे के बीच 72 रनों की मैच जिताऊ पार्टनरशिप हुई। इससे पहले सूर्यकुमार यादव ने आयरलैंड के खिलाफ 2 और पाकिस्‍तान के खिलाफ 7 रन बनाए थे।
शिवम दुबे
पाकिस्‍तान के खिलाफ फेल रहने वाले वाले शिवम दुबे ने अमेरिका के खिलाफ मैच में सही समय पर रन बनाए। उन्‍होंने लड़खड़ा रही भारतीय टीम को सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर संभाला। दुबे 35 गेंदों पर 31 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उनके बल्‍ले से 1 चौका और 1 छक्‍का निकला। इससे पहले पाक टीम के खिलाफ मैच में दुबे ने 9 गेंदों का सामना किया था और वह 3 रन ही बना सके थे। ऐसे में उनकी काफी आलोचना हो रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button