IMD अलर्ट: अगले कुछ दिनों में बिगड़ेगा मौसम, 11 जनवरी तक कई राज्यों में भारी बारिश!

देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने नई चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कहीं शीतलहर और घना कोहरा रहेगा, तो कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत में तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी, जबकि दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में बने Deep Depression (गहरा निम्न दबाव) की वजह से तेज बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग ने क्या जानकारी दी?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे जुड़े पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर क्षेत्र में बना गहरा निम्न दबाव (Deep Depression) लगातार मजबूत बना हुआ है। यह सिस्टम पिछले 6 घंटों में करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
IMD के मुताबिक, 8 जनवरी 2026 सुबह 8:30 बजे (IST) यह सिस्टम श्रीलंका के हंबनटोटा से करीब 410 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से लगभग 980 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 36 घंटों तक इसी दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और 9 जनवरी 2026 की शाम या रात को श्रीलंका के तट को हंबनटोटा और कालमुनई (Kalmunai) के बीच पार कर सकता है।
