व्यापार

सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट,चेक करें लेटेस्ट प्राइस

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर गिरावट देखने को मिल रही है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, स्टॉकिस्टों और खुदरा विक्रेताओं की बेतहाशा बिकवाली के कारण गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमत 4,900 रुपये गिर गई। यह तीन सप्ताह के निचले स्तर 90,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।वहीं, सोना 100 रुपये की गिरावट के साथ 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाली पीली धातु गुरुवार को 400 रुपये की गिरावट के साथ 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत बुधवार को क्रमश: 78,800 रुपये और 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।
आभूषण निर्माताओं और सिक्का निर्माताओं की कमजोर मांग के कारण चांदी भी 4,900 रुपये गिरकर 90,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इससे पहले, 4 नवंबर को चांदी में 4,600 रुपये की गिरावट आई थी। बुधवार को चांदी में 5,200 रुपये की सबसे बड़ी एकदिवसीय तेजी आई और राष्ट्रीय राजधानी में दो सप्ताह के अंतराल के बाद यह फिर से 95,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी।
कारोबारियों का कहना है कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ योजनाओं से वैश्विक अनिश्चतता बढ़ी है। साथ ही, अमेरिका के हालिया आर्थिक आंकड़े से इस बात की संभावना घटी है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में आगे कटौती करेगा। इससे सोने और चांदी को लेकर निवेशकों का रुख उदासीन रहा।
एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी और करेंसी के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा, “सोने की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह शुरुआत में कमजोर रहा, लेकिन रूस और यूक्रेन के बीच नए सिरे से भू-राजनीतिक तनाव के बीच जल्दी ही समर्थन मिल गया। इससे सुरक्षित निवेश को बढ़ावा मिला।’ त्रिवेदी ने कहा कि डॉलर इंडेक्स की चाल और भू-राजनीतिक माहौल के हिसाब से सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।दिसंबर डिलीवरी के लिए चांदी वायदा अनुबंध 115 रुपये या 0.13 प्रतिशत गिरकर 87,565 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। एशियाई बाजार के घंटों में, कॉमेक्स गोल्ड वायदा 8.20 डॉलर प्रति औंस या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 2,673 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में कमोडिटी रिसर्च के विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, “अमेरिका से मिले-जुले आंकड़ों, डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव, व्यापार शुल्क के बढ़ते खतरे और दरों में कटौती के बारे में बाजार की उम्मीदों में उतार-चढ़ाव के बीच सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में स्थिर कारोबार कर रही हैं।”
इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष विराम समझौते के बारे में लगातार अपडेट और फेड अधिकारियों की मिली-जुली टिप्पणियों ने सोने की कीमतों में ज्यादा तेजी नहीं आने दी। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कॉमेक्स चांदी वायदा 0.15 प्रतिशत गिरकर 30.51 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, व्यापारियों का मानना​है कि सोने की कीमतें सीमित दायरे में स्थिर रहने की संभावना है, और अमेरिका में थैंक्सगिविंग अवकाश के कारण ट्रेडिंग वॉल्यूम कम रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button