
इंदौर : रविवार को इंदौर नगर निगम के एक डंपर ने स्कूटर पर सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। यह हादसा इतना भयानक था कि दोनों लगभग आधे घंटे तक डंपर के पहियों के नीचे दबे रहे। मल्हारगंज पुलिस और आसपास के लोगों ने मिलकर जैक और लोडर की मदद से उन्हें बाहर निकाला। इस हादसे में पति-पत्नी दोनों के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। उनकी हालत गंभीर है और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टीआई वेदेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि यह घटना जिंसी मैदान के पास हुई। नगर निगम का डंपर बड़ा गणपति की ओर से आ रहा था। ड्राइवर ने ध्यान नहीं दिया और सामने चल रहे स्कूटर (एमपी 09ईए 2350) को टक्कर मार दी। जैसे ही स्कूटर का संतुलन बिगड़ा, पति-पत्नी नीचे गिर पड़े और दोनों डंपर के पहियों के नीचे आ गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को खबर मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और तुरंत ट्रैफिक को रोक दिया। आसपास के लोगों ने मिलकर दंपती को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन दोनों पहियों के नीचे फंसे हुए थे, जिससे उन्हें निकालना मुश्किल हो रहा था।
छुट्टियां बिताने मुंबई से इंदौर आए थे पुलिस ने डंपर में लगे जैक का इस्तेमाल कर पहियों को ऊपर उठाया और फिर लोडर की मदद से डंपर को पीछे हटाया गया। हादसे में घायल दंपती की पहचान 30 वर्षीय रीनल खंडेलवाल और तेजस गुप्ता के रूप में हुई है, जो मुंबई के कालवा देवी इलाके के निवासी हैं। दोनों एक बड़ी कंपनी में कंपनी सेक्रेटरी के पद पर काम करते हैं। टीआई ने बताया कि रीनल का मायका शिक्षक नगर (एरोड्रम) में है और वह तीन दिन पहले ही छुट्टियां मनाने इंदौर आई थीं। हादसे के वक्त रीनल और तेजस कपड़े खरीदने जा रहे थे। पहिए के नीचे दबी रही रीनल, पति का हाथ थामे रखा रीनल के भाई कार्तिक ने बताया कि हादसे के समय डंपर बहुत तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करने के चक्कर में उसने स्कूटर को टक्कर मार दी। जब डंपर का पहिया दोनों के ऊपर चढ़ गया, तब रीनल ने अपने पति तेजस का हाथ पकड़ लिया और दोनों लगभग आधे घंटे तक उसी हालत में फंसे रहे। कार्तिक के अनुसार, रीनल के हाथ और पैरों में ज्यादा चोटें आई हैं, जबकि तेजस के पैर, कंधे और हाथ में फ्रैक्चर है। डॉक्टरों ने दोनों की सर्जरी करने की बात कही है।