
भोपाल : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में बढ़ोतरी, शनिवार से ठंड में कमी की संभावना .भोपाल इस वक्त पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में दिन का तापमान बढ़ा है, जिसके कारण दोपहर में धूप से असहनीय गर्मी का अहसास होने लगा है। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस विक्षोभ के आगे बढ़ने से शनिवार से तापमान में गिरावट आ सकती है। प्रदेश में तापमान की स्थिति गुरुवार को प्रदेश के मंडला जिले में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पचमढ़ी में तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। ग्वालियर और खजुराहो में दृश्यता सिर्फ 800 मीटर तक सीमित रही। वहीं, प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस मंडला में ही दर्ज किया गया। मौसम की वर्तमान स्थिति मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ अभी उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात के रूप में सक्रिय है। इसके साथ एक द्रोणिका भी मौजूद है। इसके अलावा, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में भी हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात बने हुए हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है।
शनिवार से सर्दी बढ़ने का अनुमान वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। अब पाकिस्तान के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है, जो शुक्रवार तक आगे बढ़ सकता है। इसके बाद शनिवार से सर्द हवाओं के साथ तापमान में गिरावट की संभावना है।