GT vs CSK : साई सुदर्शन के सिर सजी ऑरेंज कैप, शीर्ष 5 टॉस बल्लेबाजों की लिस्ट देखें

अहमदाबाद : गुजरात टाइटंस (GT) का दबदबा ऑरेंज कैप की सूची में पूरी तरह दिखाई दे रहा है और विकेट लेने वालों की तालिका में भी काफी हद तक जीटी के गेंदबाज छाए हुए हैं। अहमदाबाद में जीटी की चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) पर 89 रन की बड़ी जीत के बाद IPL 2026 की ऑरेंज और पर्पल कैप लीडरबोर्ड की स्थिति कुछ ऐसी है।
ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड
इस मैच में शुभमन गिल सबसे पहले शीर्ष पर पहुंचे, जब उन्होंने 37 गेंदों में 64 रन की पारी खेली और इससे उनके इस सीजन में 616 रन हो गए। इस मैच के शुरू होने से पहले गिल के 552 रन थे, जबकि उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन के नाम 554 रन थे। जैसे ही गिल ने अपनी 125 रन की ओपनिंग साझेदारी में साई सुदर्शन से ज्यादा रन बनाए ऑरेंज कैप उनके पास चली गई। लेकिन पारी खत्म होते-होते गिल फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गए और साई सुदर्शन 53 गेंदों में 84 रन बनाकर 638 रन के साथ शीर्ष स्थान पर आ गए।
इस तरह जीटी के दो बल्लेबाज, शीर्ष दो स्थानों पर हैं और तीसरे नंबर पर हैं राजस्थान रॉयल्स (RR) के वैभव सूर्यवंशी, जिनके नाम 579 रन हैं। उनके बाद 563 रन के साथ चौथे नंबर पर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मिचेल मार्श का नाम आता है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के हेनरिक क्लासेन 555 रन के साथ शीर्ष 5 को पूरा करते हैं।
शुक्रवार रात SRH और RCB के मुकाबले के बाद यह तस्वीर फिर बदल सकती है। क्लासेन के पास अपने रनों की संख्या को और बढ़ाने का मौक़ा होगा, वहीं आरसीबी के विराट कोहली (542 रन) भी आगे बढ़ सकते हैं। एसआरएच के अभिषेक शर्मा 507 रन के साथ आठवें और इशान किशन 490 रन के साथ नौवें स्थान पर हैं।
पर्पल कैप लीडरबोर्ड
RCB के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार काफी आगे निकलते दिख रहे थे, लेकिन GT के कगिसो रबाडा ने सीएसके के खिलाफ 3 विकेट लेकर कुल 24 विकेटों के साथ भुवनेश्वर की बराबरी कर ली। हालांकि भुवनेश्वर की इकॉनमी 7.70 है जबकि रबाडा की 9.18, इसलिए पर्पल कैप फिलहाल भुवनेश्वर के पास ही बनी हुई है।
शुक्रवार को SRH के खिलाफ उनके पास विकेटों की संख्या को और बढ़ाने का मौका होगा। गुरूवार के मैच में मोहम्मद सिराज ने भी तीन विकेट लिए और इसके साथ उनके 17 विकेट हो गए और वह अब सातवें स्थान पर हैं। दो और गेंदबाज शीर्ष-4 में पहुंचे। अंशुल कम्बोज ने साई सुदर्शन का विकेट लेकर 21 विकेट पूरे किए और तीसरे स्थान पर पहुंच गए। वहीं राशिद खान ने भी मैच में तीन विकेट लिए और 19 विकेट के साथ चौथे नंबर पर आ गए। राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कार्तिक त्यागी 18-18 विकेट के साथ शीर्ष-4 और सिराज के बीच मौजूद हैं।

