
दिल्ली में अपनी एक्स-वाइफ प्रियंका की दिनदहाड़े हत्या करने वाले संदीप ने नोएडा में एक अधूरी बिल्डिंग से कूदकर खुदकुशी कर ली। आरोपी ने हत्या के बाद शव पर पेट्रोल डालकर उसे जला दिया था। पुलिस उसे ढूंढ़ रही थी, लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही उसने 23वीं मंज़िल से छलांग लगाकर जान दे दी। पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज गांव में बुधवार को हुई इस दर्दनाक घटना में संदीप कुमार नाम के शख्स ने अपनी दूसरी पत्नी प्रियंका की चाकू से हत्या कर दी और फिर पेट्रोल डालकर उसे जला दिया। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन गुरुवार को संदीप ने नोएडा सेक्टर-90 में वर्ल्ड वन प्रोजेक्ट की एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग से कूदकर जान दे दी। तीसरी शादी कर चुकी थी महिला, संदीप पर था POCSO का केस जानकारी के मुताबिक, प्रियंका ने तीन शादियाँ की थीं। पहली शादी से उसकी एक 4 साल की बेटी है। दूसरी शादी उसने संदीप से की थी। लेकिन बाद में विवाद के चलते उससे अलग हो गई थी। प्रियंका ने संदीप पर अपने बेटे के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था और उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था। इस वजह से संदीप को कहीं नौकरी नहीं मिल रही थी और वह लगातार प्रियंका पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था।
जलती हालत में मिली महिला, शरीर पर थे चाकू के निशान पूर्वी ज़िले के डीसीपी अभिषेक धनिया ने बताया कि बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि पटपड़गंज गांव में एक घर के कमरे में आग लगी है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आग बुझ चुकी थी और कमरे में एक महिला जली हुई हालत में मिली। महिला के शरीर पर चार जगह चाकू के निशान भी थे। पुलिस ने महिला को तुरंत एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरे पति अरुण के साथ रह रही थी महिला, सीसीटीवी में भागते दिखा संदीप प्रियंका इन दिनों अपने तीसरे पति अरुण के साथ किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस ने पांडव नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस को संदीप वहां से भागते हुए नजर आया। इसी के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन गुरुवार को खबर आई कि उसने नोएडा में आत्महत्या कर ली।