ईंधन आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी की बैठक, घटतौली व मुनाफाखोरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जौनपुर- यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में देर शाम जनपद के पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के 263 डीजल-पेट्रोल पंप संचालक, 92 गैस एजेंसी संचालक, विभिन्न ऑयल कंपनियों के जनपदीय बिक्री अधिकारी, सीएनजी अडानी ग्रुप के प्रतिनिधि तथा खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में डीजल, पेट्रोल अथवा घरेलू गैस सिलेंडरों में घटतौली, मुनाफाखोरी और अवैध भंडारण नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जनपद में संचालित 263 पेट्रोल-डीजल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है, जबकि 92 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति कराई जा रही है। बुकिंग के अनुसार निर्धारित समय सीमा में होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि वे डीजल, पेट्रोल या गैस सिलेंडरों का अनावश्यक संग्रहण (होर्डिंग) न करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही उन्होंने कहा कि केवल शासन और जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




