धामी बोले- बुजुर्गों अमूल्य धरोहर, उनके सम्मान और सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ नागरिकों को समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके सम्मान और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान उसके बुजुर्गों के सम्मान से होती है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री धामी डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने
कहा कि उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में वरिष्ठजनों का आदर होता है, वहां सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने बुजुर्गों के अनुभव और मार्गदर्शन को समाज के लिए अमूल्य बताया। समारोह में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्ण भागीदारी की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संदेश देता है कि उम्र केवल एक संख्या है और जीवन में ऊर्जा बनाए रखना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लगभग 6 लाख वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवनों का निर्माण जारी है। रुद्रपुर में आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम भी विकसित किया जा रहा है।



