
देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर धामी सरकार ने 18 नए चेहरों को दायित्व सौंपे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर पार्टी और सरकार के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। इस बार की लिस्ट में एक महिला भी शामिल हैं। साथ ही पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल को नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है। काफी समय से पार्टी के अंदर जो अंदरूनी खींचतान चल रही थी, उसे शांत करने की कोशिश इस सूची से की गई है। सीएम ने इस बार कुछ पुराने और कुछ नए चेहरों को मौका देकर संतुलन बनाने की रणनीति अपनाई है। हालांकि इस बार की लिस्ट में कोई बड़ा नाम नहीं दिखा, सिर्फ एक-दो जाने-पहचाने नाम ही हैं। इससे साफ है कि जो बड़े पद हैं, उन पर अभी भी निर्णय बाकी है और उन पर कई नेताओं की नजर बनी हुई है। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल विकास निगम, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति, फिल्म विकास परिषद जैसे बड़े पदों पर अब भी नियुक्तियां नहीं हुई हैं। संभावना है कि इनमें से कई पदों पर विधायक या पार्टी के सीनियर नेताओं को जगह मिल सकती है। इसको लेकर अभी भी पर्दे के पीछे खींचतान जारी है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद इन अहम पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
अब तक दो अलग-अलग सूची में कुल 38 लोगों को दायित्व दिए जा चुके हैं। अभी लगभग 10 और प्रमुख पदों पर नियुक्तियां बाकी हैं, जिन पर सीनियर नेताओं को समायोजित किया जा सकता है। सीएम धामी के सामने चुनौती है कि सबको बराबर महत्व देते हुए संतुलन बना सकें। दायित्वों की ताजा लिस्ट जारी होने के बाद अब सबकी निगाहें मंत्रिमंडल विस्तार पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के बाद ही उत्तराखंड मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इससे पहले जो असमंजस की स्थिति थी, उस पर अब कुछ हद तक विराम लगता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई कि जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने अलग-अलग विभागों से जुड़े कार्यों के लिए इन महानुभावों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सीएम का कहना है कि इन दायित्वों से सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने में तेजी आएगी और योजनाओं की मॉनिटरिंग भी बेहतर होगी। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निम्नलिखित लोगों को दायित्व सौंपे हैं:
-
बलवीर घुनियाल – उपाध्यक्ष, जड़ी-बूटी सलाहकार समिति
-
सुरेंद्र मोघा – उपाध्यक्ष, उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड
-
भुवन विक्रम डबराल – उपाध्यक्ष, जड़ी-बूटी सलाहकार समिति
-
सुभाष बर्थवाल – उपाध्यक्ष, राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद
-
पुनीत मित्तल – उपाध्यक्ष, नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद
-
गिरीश डोभाल – उपाध्यक्ष, प्रदेशीय मौन परिषद
-
गीताराम गौड़ – उपाध्यक्ष, उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद
-
डॉ. जयपाल – उपाध्यक्ष, राज्य उच्च शिक्षा उन्नयन समिति
-
देशराज कर्णवाल – उपाध्यक्ष, समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति
-
अजीत चौधरी – उपाध्यक्ष, राज्य किसान आयोग
-
प्रताप सिंह पंवार – उपाध्यक्ष, राज्य औषधीय पादप बोर्ड
-
जगत सिंह चौहान – उपाध्यक्ष, राज्य स्तरीय लघु सिंचाई सलाहकार समिति
-
गीता रावत – अध्यक्ष, राज्य स्तरीय सतर्कता समिति
-
शंकर कोरंगा – उपाध्यक्ष, राज्य स्तरीय जलागम परिषद
-
महेश्वर सिंह महरा – उपाध्यक्ष, चाय विकास सलाहकार परिषद
-
सरदार मनजीत सिंह – सह-अध्यक्ष, प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति
-
नवीन वर्मा – उपाध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद
-
अशोक नब्याल – उपाध्यक्ष, उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद