दुल्हन पर जानलेवा हमला, एकतरफा प्यार में पागल आशिक ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, 29 टांके आए हाथ में

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने नई-नई शादी के बाद ही एक दुल्हन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दुल्हन बुरी तरह ज़ख्मी हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। ये घटना कोतबा चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की हाल ही में शादी हुई थी और वो अपने ससुराल में रह रही थी। इसी दौरान बीती रात एक युवक अचानक उसके ससुराल में घुस आया और उस पर चाकू से कई बार वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जैसे ही घरवालों को इस बात का पता चला, उन्होंने उसे तुरंत पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत देखी और बताया कि उसके हाथ में कुल 29 टांके लगे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि आरोपी का कोई सुराग मिल सके।