
चंडीगढ़: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजधानी में माहौल काफी गरम हो गया है। सभी राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं और अपनी-अपनी चुनावी जनसभाएं कर रही हैं। इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली के चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र के मजनू का टीला में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। रैली के दौरान भगवंत मान ने मशहूर गायक मीका सिंह के साथ मिलकर गीत गाया, जिसे सुनकर भीड़ में खासा जोश देखने को मिला। सीएम मान और मीका सिंह की जोड़ी ने रैली में आए लोगों को खूब उत्साहित किया। यह जनसभा आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार पुनरदीप साहनी के समर्थन में आयोजित की गई थी। उनके मुकाबले भारतीय जनता पार्टी ने सतीश जैन को अपना उम्मीदवार बनाया है। जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राजनीति में आने से पहले एक जाने-माने कॉमेडियन और सिंगर थे। उन्होंने 2011 में राजनीति में कदम रखा और 2014 में आम आदमी पार्टी का हिस्सा बने। 2022 में पंजाब विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत मिला और भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाया गया।
चांदनी चौक का चुनाव हमेशा से खास होता है और देश भर की निगाहें यहां के नतीजों पर रहती हैं। कांग्रेस ने यहां अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद जय प्रकाश अग्रवाल के बेटे मुदित अग्रवाल को टिकट दिया है, वहीं आम आदमी पार्टी ने मौजूदा विधायक प्रहलाद सिंह साहनी के बेटे और चांदनी चौक के पार्षद पुनरदीप साहनी को मैदान में उतारा है। चांदनी चौक दिल्ली के प्रमुख कारोबारी हब के रूप में जाना जाता है, और इस क्षेत्र के चुनावी नतीजे व्यापारियों के लिए भी काफी मायने रखते हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी भी चुनाव प्रचार के दौरान गीतों का सहारा ले रही है। भाजपा का मुख्य प्रचार गीत ‘बहाने नहीं बदलाव चाहिए’ मनोज तिवारी ने गाया है। इसके अलावा, रविवार को आजमगढ़ के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ द्वारा गाया गया एक और गीत ‘दिल्ली वालों की दिल्ली को भाजपा सरकार चाहिए’ भी जारी किया गया। दिल्ली में विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होंगे और नतीजे 8 फरवरी को घोषित होंगे।




