लाइफ स्टाइल
महंगे प्रोडक्ट्स को कहें बाय! गर्मियों में चेहरे पर लाएं नेचुरल निखार, आजमाएं ये 4 ओवरनाइट देसी हैक्स

इस समय गर्मी अपनी चरम पर है। तेज धूप, उमस, पसीना और प्रदूषण की वजह से हमारी स्किन पर बहुत जल्दी बुरा प्रभाव पड़ता है। इस मौसम में चेहरा अक्सर बेजान, तैलीय और थका हुआ नजर आने लगता है। ऐसे में अगर आप बिना केमिकल्स का इस्तेमाल किए अपनी त्वचा को निखारना चाहते हैं, तो कुछ देसी उपाय आपकी मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे आसान ओवरनाइट देसी ब्यूटी हैक्स, जिन्हें अपनाकर आप गर्मियों में भी अपनी त्वचा को स्वस्थ, मुलायम और दमकता हुआ बनाए रख सकते हैं।
इन देसी नुस्खों को आज़माएं:
- केसर और एलोवेरा जेल: गर्मियों में त्वचा को हाइड्रेटेड और चमकदार बनाए रखने के लिए केसर और एलोवेरा का मिश्रण बेहद फायदेमंद माना जाता है। एक बड़े चम्मच ताजे एलोवेरा जेल में 3-4 केसर के रेशे मिलाकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद सोने से पहले इसे चेहरे पर पतली परत में लगाएं। केसर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा के दाग-धब्बों को कम करने में मदद करते हैं, जबकि एलोवेरा त्वचा को गहराई से नमी प्रदान करता है।
- चंदन और गुलाब जल: चंदन त्वचा को ठंडक पहुंचाने और टैनिंग कम करने के लिए जाना जाता है। इसके लिए चौथाई चम्मच चंदन पाउडर में 2 बड़े चम्मच गुलाब जल मिलाएं। चेहरे को साफ करने के बाद कॉटन की मदद से इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं। यह त्वचा के एक्स्ट्रा तेल को नियंत्रित करने, रोमछिद्रों को टाइट करने और चेहरे को ताजगी देने में मदद कर सकता है।
- कच्चे दूध का इस्तेमाल: कच्चा दूध एक प्राकृतिक एक्सफोलिएटर की तरह काम करता है। इसमें मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाने और उसे मुलायम बनाने में मदद कर सकता है। एक बड़े चम्मच ठंडे कच्चे दूध को कॉटन की मदद से चेहरे और गर्दन पर लगाएं और रातभर के लिए छोड़ दें। सुबह चेहरा धो लें। इससे त्वचा साफ और फ्रेश नजर आ सकती है।
- खीरा और पुदीना सीरम: गर्मियों में त्वचा को ठंडक देने और सूजन कम करने के लिए खीरे और पुदीने का मिश्रण उपयोगी हो सकता है। खीरे का रस और पुदीने की पत्तियों का रस बराबर मात्रा में मिलाएं और कॉटन बॉल की मदद से चेहरे पर लगाएं। खीरा त्वचा को हाइड्रेट करता है, जबकि पुदीना त्वचा को ठंडक पहुंचाकर पसीने और गर्मी के कारण होने वाली समस्याओं को कम करने में मदद कर सकता है।