उत्तरप्रदेश

मेरठ में जमीन के लिए खूनी खेल: बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मारकर खेत में दफनाया, 23 दिन बाद ऐसे खुला राज

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के महमूदपुर सिखेड़ा गांव में जमीनी विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को खेत में दफना दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक घटना का खुलासा गुरुवार को मृतक की मौसी की शिकायत के बाद हुआ।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के महमूदपुर सिखेड़ा गांव निवासी अंकुर (30) पांच मई से लापता था। गुरुवार सुबह अंकुर की मौसी जगबीरी ने बहसूमा थाने में शिकायत दी कि उन्हें शक है कि अंकुर के बड़े भाई कपिल ने उसकी हत्या कर दी है। शिकायत मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और आरोपी कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कपिल ने कबूल किया कि उसने पांच मई को जमीनी विवाद में अपने छोटे भाई अंकुर को गोली मार दी थी। हत्या के बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से शव बरामद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी कपिल को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। कुमार ने कहा कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button