सरकार ने ईंधन संकट की अफवाहों को बताया गलत

दिल्ली: देश में डीजल की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं पर सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों को आश्वस्त किया है कि देश में किसी भी तरह की ईंधन की कमी नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि हाल के दिनों में कुछ स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ और डीजल की मांग में अचानक बढ़ोतरी को देखते हुए लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं, जिसे ‘पैनिक बाइंग’ कहा जाता है। मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य रूप से ईंधन की खरीदारी करें। मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने गुरुवार को डीजल उत्पादन और खपत के ताजा आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने में भारत में लगभग 10 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) डीजल का उत्पादन हुआ, जबकि इसी अवधि में देश में खपत करीब 8 मिलियन मीट्रिक टन रही। यानी उत्पादन, मांग से अधिक है और आपूर्ति पूरी तरह संतुलित है। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है। देखी गई भीड़ अस्थायी और अफवाहों से प्रेरित थी। अधिकारियों ने कहा कि डीजल की आपूर्ति व्यवस्था मजबूत है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी क्षेत्र में ईंधन की आपूर्ति प्रभावित न हो।



