लाइफ स्टाइल

एक बार ऐसे बनाएंगे राजमा तो उंगलिया चाटते रह जाएंगे, प्याज टमाटर का है सारा खेल, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

राजमा को भारतीय खाने में बड़ा स्पेशल माना जाता है। पंजाब से लेकर जम्मू तक और हिमाचल से लेकर उत्तराखंड में लोग बड़े शौक से राजमा खाते हैं। दिल्ली के लोग तो राजमा चावल के दीवाने हैं। राजमा को रोटी के साथ भी खाया जाता है। हालांकि हर किसी को राजमा बनाने की सीक्रेट ट्रिक पता नहीं होती हैं। कई बार घर में होटल या ढाबे जैसा राजमा नहीं बन पाता है। कुछ लोगों के राजमा या तो कड़े रह जाते हैं या कभी मसाला कम या ज्यादा हो जाता है। परफेक्ट राजमा बनाने के लिए आपको प्याज टमाटर और दूसरे मसालों का सही अनुपात पता होना जरूरी है। क्योंकि इसी से राजमा में स्वाद आता है। आइये जानते हैं राजमा बनाने की रेसिपी और राजमा में कितना प्याज टमाटर डाला जाता है।

राजमा का मसाला

राजमा में सारे सूखे मसाले जैसे हल्दी, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, नमक, गरम मसाला, साबुत लाल मिर्च, हींग, जीरा डाला जाता है। इसके अलावा प्याज, टमाटर, लहसुन, हरी मिर्च, धनिया पत्ता और थोड़ा अदरक डाला जाता है।

राजमा रेसिपी

पहला स्टेप- राजमा बनाने के लिए आपको सबसे पहले उन्हें अच्छी तरह धोकर रातभर पानी में भिगोकर रखना है। अच्छे घुलने वाले राजमा बनाने हैं तो चितरा राजमा अच्छे होते हैं। आप चाहें तो कोई दूसरा अपनी पसंद का राजमा भी ले सकते हैं।

दूसरा स्टेप- अब भीगे हुए राजमा को पानी से निकालकर 1-2 बार धो लें। कुकर में राजमा डालें और उसमें अच्छी तरह से पानी डाल दें। अगर 1 कटोरी राजमा लिया है तो कम से कम 4-5 कटोरी पानी डाल दें। थोड़ा नमक डालें और राजमा को तेज गैस पर 1 सीटी आने तक पकाएं और फिर गैस धीमी करके 40 मिनट के लिए राजमा को उबलने दें।

तीसरा स्टेप- राजमा के लिए मसाला तैयार कर लें। इसके लिए 2 बड़े प्याज को कद्दूकस कर लें या बारीक काट लें। 2-3 मीडियम साइज के टमाटर को मिक्सी में पीस लें या कद्दूकस कर लें। 7-8 लहसुन की कली और 1 इंच अदरक के टुकड़े को कूट लें। हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक काट लें।

चौथा स्टेप- मसाला बनाने के लिए कड़ाही में तेल डालें और इसमें हींग जीरा डाल दें। अब इसमें लहसुन अदरक डालें, हरी मिर्च और प्याज डालकर भून लें। अब पिसे हुए मसाले हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर डालें। अब टमाटर डालकर मसाले को धीमी आंच पर तेल छोड़ने तक पकाएं।

पांचवा स्टेप- जब मसाला अच्छी तरह से भुन जाए और राजमा भी उबल जाएं तो उबले हुए राजमा को पानी के साथ मसाले में पलट दें। ध्यान रखें राजमा के पानी को फेंकना नहीं है पूरे राजमा और पानी साथ में मसाले में मिलाकर पकाना है। राजमा और मसाला अच्छी तरह से पक जाए को इसमें गरम मसाला डाल दें।

अब ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर राजमा को सर्व करें। इस तरह बना हुआ राजमा बहुत टेस्टी लगता है। इसमें राजमा का हल्का लसलसापन रहता है। जिससे ग्रेवी की थिकनेस बढ़ती है। एक बार इस तरह राजमा बनाकर खाएंगे तो खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button