खेल

IPL 2026 : साई सुदर्शन की अर्धशतकीय पारी, गुजरात ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया

चेन्नई : गुजरात टाइटन्स ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (87 रन) के अपने घरेलू मैदान पर लगाए गए अर्धशतक की मदद से रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 8 विकेट से शिकस्त दी। गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों के दबदबे के बावजूद CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के नाबाद 74 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की जिससे बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद टीम सात विकेट पर 158 रन ही बना सकी।

गुजरात टाइटन्स के लिए कागिसो रबाडा ने 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि अरशद खान को 43 रन देकर दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को एक एक विकेट मिला। सलामी बल्लेबाज सुदर्शन (46 गेंद, चार चौके, सात छक्के) और जोस बटलर (नाबाद 39 रन) की पारियों से गुजरात टाइटन्स ने 16.4 ओवर में दो विकेट पर 162 रन बनाकर जीत हासिल की। सुदर्शन 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए और चौथी गेंद पर बटलर ने छक्का जड़कर टीम को आसान जीत दिलाई।

सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल (33 रन, 23 गेंद, एक चौका, तीन छक्के) ने अच्छी शुरूआत की। गिल के आउट होने के बाद सुदर्शन और बटलर (30 गेंद, चार चौके, एक छक्का) ने मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। पिछले मैच में सुदर्शन के शतक जड़ने के बावजूद गुजरात टाइटन्स को हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन अब स्कोर इतना बड़ा नहीं था जिससे गुजरात टाइटन्स ने लगातार दो हार के बाद जीत दर्ज की। इस जीत से उसके आठ मैच में आठ अंक हो गए हैं जिससे वह पांचवें स्थान पर पहुंच गई।

सुदर्शन और गिल ने पावरप्ले में 55 रन बना लिए थे जबकि CSK का स्कोर तीन विेकट पर 28 रन था। गिल सातवें ओवर में नूर अहमद की गेंद पर आउट हुए जब सतर्क विकेटकीपर संजू सैमसन ने उनके स्टंप उखाड़ दिए। गुजरात टाइटन्स ने 10 ओवर में एक विकेट पर 82 रन बना लिए थे। सुदर्शन ने अपनी पारी के दौरान कुद दर्शनीय शॉट लगाए और अकील हुसैन की गेंद पर आउट होने से पहले टीम को जीत तक पहुंचा दिया।

इससे पहले गायकवाड़ 60 गेंद की नाबाद पारी में छह चौके और चार छक्के जमाकर फॉर्म में लौटे। उनके अलावा शिवम दुबे ने 22 रन का योगदान दिया और जेमी ओवरटन ने अंत में छह गेंद में तीन चौके और एक छक्के से 18 रन की उपयोगी पारी खेली। सिराज और रबाडा ने चिलचिलाती गर्मी में चेपॉक स्टेडियम की उछाल भरी पिच पर शानदार गेंदबाजी की। सिराज ने पहले ओवर में शानदार शुरूआत करते हुए महज एक रन दिया। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले संजू सैमसन (11 रन) ने दूसरे ओवर में रबाडा पर चौका जड़कर आईपीएल में 5000 रन पूरे किए।

इस बल्लेबाज ने एक और चौका लगाकर इस ओवर में 10 रन जुटाए। कप्तान गायकवाड़ ने तीसरे ओवर में सिराज पर कवर और फाइन लेग पर दो शानदार चौके लगाकर हाथ खोले। लेकिन चौथे ओवर में CSK को दोहरे झटके लगे जिसमें उसने शानदार फॉर्म में चल रहे सैमसन और उर्विल पटेल (04) के विकेट गंवा दिए। रबाडा की गेंद सैमसन के बल्ले का किनारा चूमती हुई विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों में समां गई। उर्विल क्रीज पर उतरे, उन्होंने एक गेंद खेलने के बाद दूसरी गेंद को मिड ऑफ पर चौके के लिए भेजा। हालांकि अगली गेंद को पुल करने की कोशिश में जेसन होल्डर को कैच देकर आउट हुए। इम्पैक्ट प्लेयर सरफराज खान खाता भी नहीं खोल सके और पांचवें ओवर में सिराज की पहली ही गेंद पर बटलर को कैच थमा बैठे।

पावरप्ले में CSK का स्कोर तीन विकेट पर 28 रन था। डेवाल्ड ब्रेविस आउट होने वाले अगले बल्लेबाज रहे। मानव सुथार ने नौंवे ओवर में उन्हें गिल के हाथों कैच आउट कराया। दुबे जब छह रन पर थे तो उन्हें अरशद की गेंद पर बटलर ने जीवनदान दिया। CSK ने 12वें ओवर में 50 रन पूरे किए। पारी का पहला छक्का 13वें ओवर में गायकवाड़ के बल्ले से निकला जिन्होंने अरशद के इस ओवर में दो छक्के लगाए। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने अपने पहले ओवर में 21 रन लुटाए जिसमें एक छक्का और दो चौके शामिल थे। इसमें साई सुदर्शन ने दुबे का कैच छोड़ा जब वह 15 रन पर थे।

16वें ओवर में सिराज ने अरशद की पहली गेंद पर दुबे का कैच छोड़कर उन्हें फिर जीवनदान दिया। लेकिन यह बल्लेबाज तीसरी गेंद पर बोल्ड हो गया। कार्तिक शर्मा ने आते ही चौका जड़ा और CSK ने 100 रन पूरे किए। गायकवाड़ ने सिराज पर दो रन लेकर 49 गेंद में अर्धशतक जड़ा जो इस सत्र में उनका पहला पचासा है। CSK ने अंतिम पांच ओवर में 62 रन जोड़कर तीन विकेट गंवाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button