मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी, आज 22 जिलों में लू का अलर्ट, तापमान 44 डिग्री पार

भोपाल,। मध्य प्रदेश इन दिनों तेज गर्मी की चपेट में है। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में तापमान बढ़ा हुआ है। वहीं, मालवा-निमाड़ क्षेत्र इंदौर और उज्जैन के साथ भोपाल व नर्मदापुरम में भी धूप के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। शनिवार को प्रदेश के 6 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया
छतरपुर जिले का खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44.6 डिग्री तक पहुंच गया। आज रविवार को ग्वालियर सहित 22 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मौसम में बदलाव के संकेत भी हैं। 27 अप्रैल से अगले तीन दिनों तक कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लू की चेतावनी वाले जिलों में ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं। वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी गर्मी का असर बरकरार रहेगा और तापमान 41 डिग्री के पार रहने का अनुमान है।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। इंदौर जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों और 8वीं तक के सभी स्कूलों में 27 से 30 अप्रैल तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं, 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। ग्वालियर और उज्जैन में भी 8वीं तक के स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि भोपाल के कुछ स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है।
बीते शनिवार को प्रदेशभर में गर्मी का असर चरम पर रहा। खजुराहो के बाद रतलाम में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दतिया और धार में 44.1 डिग्री, नौगांव और श्योपुर में 44 डिग्री, टीकमगढ़ और मंडला में 43.8 डिग्री, दमोह में 43.6 डिग्री, उमरिया में 43.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 43.4 डिग्री, गुना और सतना में 43.3 डिग्री, सीधी में 43.2 डिग्री, सागर में 43.1 डिग्री, रीवा और मलाजखंड में 43 डिग्री, रायसेन में 42.8 डिग्री और खरगोन में 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर और उज्जैन में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 42.4 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री और जबलपुर में 42.6 डिग्री दर्ज किया गया।
तेज गर्मी के बीच मंदसौर में हल्की बारिश भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं और एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है, जिससे कुछ क्षेत्रों में मौसम में बदलाव आया है। मौसम विभाग ने अप्रैल के अंतिम दिनों में बारिश की संभावना जताई है। 28 और 29 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण देखने को मिलेगा।