मीठा और ताजा आम कैसे चुनें ? इन छोटी-छोटी बातों का रखें ध्यान

Lifestyle Desk – गर्मियों के मौसम में बाजार में आमों की बहार छा जाती है. आम को “फलों का राजा” कहा जाता है, लेकिन सही आम चुनना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. कई बार हम दिखने में अच्छे आम खरीद लेते हैं, लेकिन फिर या तो वो खट्टे निकल जाते हैं या जल्दी खराब हो जाते हैं. अगर आप भी इस समस्या से बचना चाहते हैं, तो आम खरीदते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.

रंग पर दें ध्यान
सबसे पहले आम के रंग पर ध्यान दिया जाना बहुत जरूरी है, लेकिन सिर्फ रंग देखकर ही फैसला न करें. कई लोग सोचते हैं कि पीला या सुनहरा आम ही मीठा होता है, जबकि ऐसा हमेशा सही नहीं होता. कुछ किस्मों के आम पकने के बाद भी हल्के हरे रहते हैं. लेकिन स्वाद में मीठे होते हैं.
खुशबू से समझें
रंग के साथ-साथ आम की खुशबू भी जरूर जांचें. पका हुआ आम हल्की मीठी सुगंध देता है, खासकर उसके डंठल के पास.
दबा कर देखें
आम को हल्के से दबाकर देखें. अगर आम थोड़ा नरम महसूस हो, तो समझिए कि वह पक चुका है और खाने के लिए तैयार है. बहुत ज्यादा नरम आम ओवरराइप हो सकता है, जो जल्दी खराब हो सकता है. वहीं, बहुत सख्त आम कच्चा होता है और उसे पकने में समय लगेगा.
छिलके को चेक करें
आम की त्वचा यानी छिलके को भी ध्यान से देखें. उस पर ज्यादा काले धब्बे, कट या झुर्रियां नहीं होनी चाहिए. हल्के दाग सामान्य होते हैं, लेकिन ज्यादा खराब दिखने वाले आम जल्दी सड़ सकते हैं. साथ ही, बहुत ज्यादा चमकदार आम से सावधान रहें, क्योंकि कई बार उन्हें केमिकल से पकाया जाता है.
दबे हुए आम न लें
आम खरीदते समय यह भी ध्यान रखें कि वे बहुत ज्यादा दबे न हों. ऐसे आम जल्दी खराब हो जाते हैं और अंदर से भी सड़े हो सकते हैं. हमेशा ऐसे आम चुनें जो देखने में ताजे और बिना नुकसान के हों.
इस तरह आम को लंबे समय तक ताजा
आम को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए अगर आपने कच्चे आम खरीदे हैं, तो उन्हें कमरे के तापमान पर ही पकने दें. उन्हें अखबार में लपेटकर रखने से वे जल्दी और समान रूप से पकते हैं. पके हुए आम को फ्रिज में रखा जा सकता है, लेकिन बहुत ज्यादा ठंड में रखने से उनका स्वाद कम हो सकता है.
प्लास्टिक बैग में न रखें
आम को प्लास्टिक बैग में बंद करके न रखें, क्योंकि इससे नमी बढ़ती है और फल जल्दी खराब हो सकता है. बेहतर है कि उन्हें खुली टोकरी या पेपर बैग में रखें, ताकि हवा का संचार बना रहे. अगर आप आम को काटकर रखना चाहते हैं, तो उसे एयरटाइट कंटेनर में फ्रिज में रखें और 1-2 दिन के भीतर इस्तेमाल कर लें. लंबे समय तक रखने के लिए आप आम के टुकड़ों को फ्रीज भी कर सकते हैं.



