भीषण गर्मी में कितने घंटे बाद पानी हर हाल में पीना चाहिए, दिन भर में कब और कितनी मात्रा में पानी पीना जरूरी है?

डायटिशियन स्वाति सिंह की मानें तो हर इंसान के शरीर में पानी पीने की मात्रा उनके स्वास्थ्य और एक्टिविटी पर निर्भर करती है। अगर आप बहुत ज्यादा फिजिकली एक्टिव हैं और दिनभर पसीना बहता रहता है तो आपको नॉर्मल इंसान से ज्यादा पानी की जरूरत होती है। अगर आप एसी वाले दफ्तर में काम कर रहे हैं तो आपको नॉर्मल से कम पानी की जरूरत होती है।
शरीर बताता है पानी की जरूत
पानी पीने का संकेत हमारा शरीर प्यास लगने के जरिए देता है। अगर होंठ सूख रहे हैं, गला सूख रहा है और प्यास लग रही है तो समझ लें शरीर को पानी की जरूरत है। अगर पेशाब बहुत पीला आ रहा है तो शरीर को पानी की जरूरत है। जब प्यास लगे तो बिना देरी किए पानी पी लें। इससे शरीर हाइड्रेट रहेगा।
गर्मी में कितने घंटे में पानी पीना चाहिए?
भीषण गर्मी में आपको कहीं बाहर धूप में निकलने से पहले 1 गिलास पानी पी लेना चाहिए। अगर आप जिम जा रहे हैं या एक्सरसाइज कर रहे हैं तो उससे पहले 1 गिलास पानी पी लें। व्यायाम के बीच में थोड़ा पानी पीते रहें। खाने से करीब आधा घंटा पहले और खाना खाने के आधा घंटा बाद पानी पी लें। एक बार में बहुत ज्यादा पानी पीने से अच्छा है कि 1-2 घंटे पर थोड़ा रुक-रुक कर पानी पाएं। मौसम के हिसाब से आपको पानी पीना चाहिए।
गर्मी में कितना पानी पीना चाहिए?
एक नॉर्मल व्यक्ति को गर्मी के दिनों में 2-3 लीटर पानी पीना चाहिए। जिसमें पुरुष को दिनभर में करीब 3 लीटर पानी पीना चाहिए। महिलाओं को दो या ढाई लीटर पानी और बच्चों को 1 लीटर पानी पीना चाहिए। अगर बच्चे बहुत ज्यादा पार्क में खेलते हैं फिजिकल एक्टिविटी करते हैं तो पानी डेढ़ दो लीटर भी पी सकते हैं। हां अगर आपको किसी तरह की किडनी या हार्ट से जुड़ी बीमारी है तो पानी की मात्रा डॉक्टर से पूछकर ही पीएं।


