उत्तरप्रदेश

चैत्र नवरात्र मेला तैयारी: डीएम ने विंध्य कॉरिडोर व गंगा घाट का किया रात में निरीक्षण

मीरजापुर। आगामी चैत्र नवरात्र मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार देर रात जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अधिकारियों के साथ विंध्य क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विंध्य कॉरिडोर, पुरानी वीआईपी मार्ग और पक्का घाट का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कॉरिडोर की छत पर पान-गुटखे के दाग और जगह-जगह लगे जालों की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही कॉरिडोर के कमरों का निरीक्षण करते हुए खुले तारों की पाइप को दीवार के अंदर लगाने और फायर ब्रिगेड के पाइप को भी सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित करने को कहा। टूटे फॉल्स सीलिंग और गंदगी को भी जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने उत्तर प्रदेश विंध्य धाम तीर्थ विकास परिषद द्वारा डीपीआर के अनुसार रखे गए सामानों को व्यवस्थित करने तथा हॉल में बैठक व्यवस्था के लिए मेज-कुर्सियां लगाने को कहा। साथ ही सीसीटीवी हॉल का निरीक्षण कर सभी कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

मुंडन स्थल के पास पेयजल कक्ष को खुलवाकर नल दुरुस्त कराने, गेट नंबर-5 के पास भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग लगाने तथा मंदिर परिसर में पुराने बैनर-फ्लैक्स हटाकर नए लगाने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने गंगा घाट पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने को कहा। वहीं पक्का घाट की सीढ़ियों पर लाल और पीले रंग से रंगाई कराने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button