खेल

Gautam Gambhir: IPL 2026 के बाद शुरू होगी 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारी, गौतम गंभीर ने बताया पूरा प्लान

Gautam Gambhir: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा कि IPL 2026 सीजन के अंत तक भारत के पास वनडे विश्व कप 2027 की योजना तैयार हो जाएगी। गंभीर का यह बयान उस दिन के बाद आया, जब भारतीय टीम ने रविवार को न्यूजीलैंड को हराकर ICC Men’s T20 World Cup 2026 का खिताब जीत लिया। बता दें कि टी20 विश्व कप का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम खेला गया था।

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम के लिए यह एक शानदार अभियान था, जिसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ एक मैच हारा और सेमीफाइनल के साथ-साथ फाइनल में भी अपने विरोधी टीम पर पूरी तरह से हावी रही। गंभीर ने बताया कि कोचिंग स्टाफ टूर्नामेंट के बाद आराम करेगा और फिर वनडे विश्व कप की तैयारी शुरू करेगा।

देखने को मिलेगी उछाल भरी पिच

गंभीर ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में आयोजित होने वाले विश्व कप में कई उछाल भरी पिचें देखने को मिल सकती हैं। इसलिए टीम मैनेजमेंट इन परिस्थितियों में अच्छा परफॉर्मेंस करने वाले खिलाड़ियों की पहचान करने और IPL 2026 सीजन के अंत तक अपनी योजना और रणनीति को अंतिम रूप देने पर काम करेगा।

गौतम गंभीर ने मीडिया को बताया, “IPL खत्म होने के बाद 2027 विश्व कप की योजना शुरू होगी। 2026 IPL और विश्व कप के बीच 25 से 30 वनडे मैच हैं। आजकल इस फॉर्मेट के मैच ज्यादा नहीं खेले जाते। जितनी जल्दी हम योजना बनाना शुरू करेंगे, उतना ही हमारे लिए बेहतर होगा।”

हेड कोच ने आगे कहा, “दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट खेलने के लिए आसान जगह नहीं है। हमें टीम कॉम्बिनेशन पर काम करना होगा और उन खिलाड़ियों को चुनना होगा जो वहां की परिस्थितियों से परिचित हों। चयनकर्ता और कोच यह काम करेंगे। 2026 IPL खत्म होने तक, भारत के पास 2027 वनडे विश्व कप के लिए एक ब्लूप्रिंट तैयार होगा।”

इस बीच, भारत की टी20 विश्व कप जीत के एक दिन बाद, गंभीर ने टीम के माहौल से जुड़े सभी सवालों का सीधा जवाब दिया।

‘खिलाड़ी खुश हैं, तो मैं सही काम कर रहा हूं’

गंभीर ने कहा, “मेरी सोच सीधी-सादी है – अगर टीम के ज्यादातर खिलाड़ी मुझसे खुश नहीं हैं, तो मेरे ड्रेसिंग रूम में रहने का कोई मतलब नहीं। अगर ज्यादातर खिलाड़ी खुश हैं, तो मैं सही काम कर रहा हूं। अगर आप ईमानदारी से रिपोर्टिंग करेंगे, तो आपको पता चल जाएगा कि टीम का माहौल कैसा है। भारतीय टीम का माहौल किसी से छिपा नहीं रह सकता, क्योंकि उस पर बहुत ज्यादा नजर रखी जाती है, मीडिया की नजरें हम पर टिकी रहती हैं।”

उन्होंने कहा, “ये सब बेकार की बातें हैं जब बोला जाता है कि टीम का माहौल अच्छा नहीं है। न तो मुझे और न ही कप्तान को इस पर कुछ कहने की जरूरत है। अगर आप हमें करीब से फॉलो करेंगे – यात्रा से लेकर प्रैक्टिस सेशन, खिलाड़ियों के इंटरव्यू तक – तो आपको पता चल जाएगा कि टीम का माहौल कैसा है।”

 

Related Articles

Back to top button