पंजाब

Luxury गाड़ियों का शौक रखने वाले हो जाएं सावधान! हैरान कर देगा पूरा मामला

लुधियाना: महानगर में लग्जरी गाड़ियों का शौक रखने वालों को चूना लगाने वाला एक शातिर जालसाज पुलिस के रडार पर आ गया है। आरोपी ने खुद को रसूखदार बताते हुए एक व्यक्ति को स्कॉर्पियो-N, XUV-700 और फॉरच्यूनर जैसी ब्रांड न्यू गाड़ियां जल्द बुक करवा कर दिलाने का ऐसा सब्जबाग दिखाया कि पीड़ित उसकी चिकनी-चुपड़ी बातों में आ गया और अपनी मेहनत की मोटी कमाई लुटा बैठा। इस मामले में थाना दरेसी की पुलिस ने चेतन पूरी की शिकायत पर आरोपी हाइबोवाल के संजय मौर्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में चेतन पुरी ने बताया कि आरोपी ने उन्हें विश्वास में लिया था कि वह ऑटोमोबाइल कंपनियों में अच्छी पैठ रखता है और उन्हें भारी डिमांड वाली गाड़ियाँ बिना किसी लंबी वेटिंग के दिलवा देगा। आरोपी के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग किस्तों में कुल 11,76,500/- रुपये उसे सौंप दिए। लेकिन जब महीनों बीत जाने के बाद भी न गाड़ियाँ मिलीं और न ही पैसे वापस आए, तो पीड़ित को अपने साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी का अहसास हुआ। फिर शिकायत पुलिस को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने इस शिकायत की गहनता से पड़ताल की, पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस शातिर ठग ने शहर के किसी और व्यक्ति को भी अपनी जालसाजी का शिकार बनाया है।

Related Articles

Back to top button